भोजपुर में ठनका गिरने से दो की मौत, पश्चिमी चंपारण निवासी भी चपेट में आया

Updated:
विज्ञापन
मृतक मोलन चौधरी का फाइल फोटो एवं परिजन का फोटो | Prabhat Khabar Network

मृतक मोलन चौधरी की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

Bhojpur Weather News : भोजपुर जिले में बुधवार को ठनका गिरने से दो लोगों की जान चली गई। धनगाई में खेत में काम कर रहे किसान की मौत हो गई, जबकि शाहपुर में इलाज के लिए ले जाते समय एक मजदूर ने दम तोड़ दिया.

विज्ञापन

Bhojpur Weather News : भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को ठनका गिरने से पश्चिमी चंपारण निवासी युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई.

पहली घटना धनगाई थाना क्षेत्र के गड़हा बधार की है. जहां बुधवार की दोपहर ठनका गिरने से खेत में काम कर रहे बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही.

जानकारी के अनुसार मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर नगर वार्ड नंबर-10 निवासी स्व. बनारस चौधरी के 68 वर्षीय पुत्र मोलन चौधरी हैं. वह पेशे से किसान थे.

अचानक ठनका गिर पड़ा

इधर, मृतक के बेटे मनोज चौधरी ने बताया कि बुधवार की शाम वह खेत में मेड़ (आड़) बना रहे थे. तभी तेज बारिश शुरू हो गई. उसी दौरान तेज गर्जन के साथ अचानक ठनका उन पर गिर पड़ा, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

इसके बाद खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना उनके परिजनों एवं स्थानीय थाना को दी गई. सूचना पाकर परिजन एवं स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.

इलाज के लिए ले जाने के दौरान व्यक्ति ने तोड़ा दम

जबकि दूसरी घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के कनैली गांव की है. जहां बुधवार की शाम ठनका गिरने से पश्चिमी चंपारण निवासी एक अधेड़ की मौत हो गई. इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा.

जानकारी के अनुसार मृतक (पश्चिमी चंपारण) बेतिया जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के झखरा गोपालपुर गांव निवासी गणपत राम का 47 वर्षीय पुत्र प्रमोद राम है. वह पेशे से मजदूर थे.

जानकारी के अनुसार वह अपने गांव के अन्य लोगों के साथ हर साल की भांति इस साल भी शाहपुर थाना क्षेत्र के कनैली गांव आए थे. बुधवार की शाम जब वह कनैली गांव स्थित खेत में काम कर रहे थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई. इस दौरान तेज गर्जन के साथ अचानक उन पर ठनका गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

तब वहां मौजूद लोगों द्वारा उन्हें इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बताया जाता है कि मृतक मोलन चौधरी के परिवार में पत्नी भागीरथी देवी व पांच पुत्री सुमन, अनीता, सुनीता, पुतुल, रिंकू एवं एक पुत्र मनोज चौधरी हैं.

जबकि पश्चिमी चंपारण निवासी दूसरे मृतक के परिवार में पत्नी तारा देवी व दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं. घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है. उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : चतरा गार्ड हत्याकांड : JDU विधायक के बेटे रॉकी यादव और सरकारी गार्ड हिरासत में, मां के सरकारी बॉडीगार्ड को लेकर घूमने का आरोप


विज्ञापन
Md. Wasim

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन