आरा : मौजमपुर में गंगा कटाव का एसडीएम ने लिया जायजा, दूसरे स्थान से बालू भराई का दिया निर्देश

मौजमपुर गंगा घाट पर कटाव का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
भोजपुर के मौजमपुर गांव में गंगा नदी का बढ़ता कटाव ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गया है. अनुमंडल पदाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पीपा पुल के पाटों के स्थान और कटावरोधी कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने जताई चिंता.
Arrah News : भोजपुर के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत सिन्हा थाना क्षेत्र के मौजमपुर गांव के समीप गंगा नदी के बढ़ते कटाव को लेकर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया.
अनुमंडल पदाधिकारी शिप्रा विजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में अधिकारियों ने गंगा घाट पहुंचकर कटाव की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अंशु प्रसून, पुल निगम, बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
पीपा पुल के पाटों से कटाव की जताई आशंका, एसडीएम ने खोजा वैकल्पिक स्थल
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि पीपा पुल खोले जाने के बाद उसके पाट जिस स्थान पर रखे जा रहे हैं, वहां गंगा का तेज कटाव हो रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पाटों को सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाया गया तो कटाव की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ वैकल्पिक स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षित स्थान पर पीपा पुल के पाट रखने की संभावनाओं पर चर्चा की.
कटावरोधी कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने जताई चिंता, तत्काल निर्देश जारी
ग्रामीणों ने कटावरोधी कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता व्यक्त की. उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर कटाव रोकने के लिए बालू से भरे बोरे लगाए जा रहे हैं, उसके ठीक बगल से बालू का उठाव किया जा रहा है. इससे कटावरोधी कार्य कमजोर पड़ सकता है और भविष्य में नदी का कटाव और तेज होने की आशंका बनी रहेगी.
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल दूसरे स्थान से बालू भराई कराने का निर्देश दिया, ताकि कटावरोधी कार्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.
समय से पहले पीपा पुल हटाने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
इस दौरान ग्रामीणों ने पीपा पुल को समय से पहले खोल दिए जाने पर भी नाराजगी जताई. उनका कहना था कि हर वर्ष पीपा पुल लगाने में अनावश्यक विलंब किया जाता है, जबकि मानसून के दौरान इसे जल्द हटा दिया जाता है. इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा कर लोगों की सुविधा के अनुरूप निर्णय लेने की मांग की.
स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है प्रशासन: सदर एसडीपीओ-2
सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि गंगा नदी के किनारे कटाव की स्थिति का आकलन किया गया है. संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण विभाग, पुल निगम के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कटाव से प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार सिंह
संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










