आंधी-बारिश से भरभराकर गिरा पेड़, आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर 3 घंटे तक महाजाम, मिट्टी में धंसा ट्रक
सड़क पर लगा लंबा जाम
Arrah News: भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर सियाडीह गांव के समीप एक विशालकाय पेड़ टूटकर बीच सड़क पर गिर गया, जिससे मुख्य मार्ग पर परिचालन पूरी तरह 3 घंटे के लिए ठप हो गया.
Arrah News: (आनंद प्रकाश की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदली. तेज आंधी-तूफान के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जहाँ लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा कर रख दिया. आंधी के झोंकों के कारण आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर सियाडीह गांव के समीप एक भारी-भरकम पेड़ टूटकर बीच सड़क पर आ गिरा. इस घटना के बाद इस व्यस्त मुख्य मार्ग पर गाड़ियों के पहिये पूरी तरह थम गए और दोनों ओर से आवागमन ठप हो गया.
शनिवार शाम करीब पांच बजे हुई इस अप्रत्याशित घटना के बाद देखते ही देखते स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. 3 घंटे तक कई यात्री और राहगीर बीच सड़क पर फंसे हुए थे. कड़कड़ाती बिजली और बारिश के बीच लोग गाड़ियों में दुबके रहने को मजबूर थे.
शॉर्टकट के चक्कर में फंसा माल लदा ट्रक, रास्ता हुआ पूरी तरह लॉक
हाईवे पर जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोनों तरफ से दोपहिया से लेकर बड़े व्यावसायिक वाहनों की लाइन लग गई. इसी बीच, जाम के झाम से खुद को निकालने की कोशिश में एक माल लदा भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे चला गया. बारिश के कारण हाईवे के किनारे की मिट्टी पूरी तरह गीली और दलदल में तब्दील हो चुकी थी, जिसमें ट्रक के पहिये बुरी तरह धंस गए. ट्रक के तिरछे होकर फंसने के कारण बचा-कुचा रास्ता भी पूरी तरह ब्लॉक हो गया, जिससे पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया था.
3 घंटे राहगीर रहे परेशान, देर से पहुंची स्थानीय प्रशासन
इतने महत्वपूर्ण और लाइफलाइन माने जाने वाले आरा-सासाराम राजमार्ग पर घंटों से महाजाम लगा हुआ है. छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं के साथ सफर कर रहे राहगीर इस मौसम में परेशान थे. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ गिरने और सड़क ब्लॉक होने की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई थी. इसके बावजूद 3 घंटे तक जाम लगा रहा.
Also Read: ‘खान सर सरेंडर नहीं करेंगे…’, वकील ने बताया आगे का पूरा प्लान, गिरफ्तार हुए तो नहीं मिलेगी जमानत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










