आरा में स्कूल वैन हादसा, प्री-प्राइमरी के मासूमों से भरी वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, कई बच्चे घायल
अस्पताल में इलाजरत बच्चे
Arrah Accident News : कोईलवर के कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज पर स्कूल वैन बालू लदे ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में चालक सहित आधा दर्जन से अधिक प्री-प्राइमरी के बच्चे घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया.
Arrah Accident News : भोजपुर जिले के कोईलवर में गुरुवार सुबह सड़क हादसा होते-होते टल गया. कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज पर प्री-प्राइमरी बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन को बालू लदे ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में चालक सहित आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
गुरुवार सुबह सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाईवे स्थित कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज पर संस्कार पब्लिक स्कूल की वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई. वैन प्रतिदिन की तरह सकड्डी से बच्चों को लेकर भदवर गांव की ओर अन्य विद्यार्थियों को लेने जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने वैन में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत वैन में फंसे छोटे बच्चों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों ने बच्चों के आईकार्ड पर दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी. साथ ही डायल-112 पुलिस को भी घटना की जानकारी दी.
चालक समेत कई बच्चे हुए घायल
हादसे में वैन चालक सुनील कुमार पांडेय सहित आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए. गंभीर रूप से घायल बच्चों में गोलू कुमार, अंकुश कुमार, खुशी कुमारी और चालक सुनील कुमार पांडेय शामिल हैं. वहीं प्रताप, प्रिंस और रिशु सहित अन्य बच्चों को हल्की चोटें आईं. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोईलवर में प्राथमिक उपचार दिया गया. बाद में परिजन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अपने साथ ले गए.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. बाद में चांदी और कोईलवर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी ली.
सभी घायल खतरे से बाहर
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी बच्चे और चालक खतरे से बाहर हैं. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही ट्रक और उसके चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
Also Read : आरा में हजारों मवेशियों पर मंडरा रहा बरसाती बीमारियों का खतरा, टीकाकरण नहीं होने से पशुपालक चिंतित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










