आरा के किसानों के लिए राहत की खबर, 80% धान रोपनी पूरी, बारिश और नहर के पानी ने बढ़ाई रफ्तार
धान की खेती (सांकेतिक तस्वीर)
Arrah Paddy Transplanting : भोजपुर जिले में धान की रोपनी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, 80% लक्ष्य पूरा हो चुका है. समय पर बारिश और बेहतर सिंचाई सुविधाओं से किसानों को बड़ी राहत मिली है. अधिकांश प्रखंडों में रोपनी अंतिम चरण में है, जबकि कुछ में रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है.
Arrah Paddy Transplanting : भोजपुर जिले में धान की रोपनी तेजी से आगे बढ़ रही है. कृषि विभाग के अनुसार 1,22,154 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 6 अगस्त तक 97,589 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. समय पर बारिश, नहरों में पानी की उपलब्धता और निजी नलकूपों से सिंचाई के कारण किसानों ने लक्ष्य का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया है.
जिले में 80 प्रतिशत धान रोपनी पूरी
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार भोजपुर जिले में इस खरीफ मौसम के लिए 1,22,154 हेक्टेयर में धान रोपनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. 6 अगस्त तक 97,589 हेक्टेयर क्षेत्र में रोपनी पूरी हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 79.89 प्रतिशत है. विभाग का मानना है कि मौसम अनुकूल रहने पर शेष लक्ष्य भी जल्द पूरा हो जाएगा.
बारिश और सिंचाई से किसानों को मिली राहत
इस वर्ष जिले में औसत बारिश होने से किसानों को धान की रोपनी में सहूलियत मिली है. नहरों में पर्याप्त पानी पहुंचने के साथ-साथ निजी नलकूपों से भी सिंचाई की जा रही है. इससे खेतों की तैयारी और रोपनी दोनों कार्यों में तेजी आई है. किसान ट्रैक्टर सहित आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग कर समय पर खेती पूरी करने में जुटे हैं.
कई प्रखंडों ने 90 प्रतिशत के करीब हासिल की उपलब्धि
प्रखंडवार प्रगति पर नजर डालें तो गड़हनी में 92.43 प्रतिशत और जगदीशपुर में 91.50 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है. कोईलवर में 86.45 प्रतिशत, शाहपुर में 82.04 प्रतिशत और बिहिया में 81.40 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है. इससे स्पष्ट है कि जिले के अधिकांश क्षेत्रों में धान रोपनी अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है.
इन प्रखंडों में अभी और बढ़ानी होगी रफ्तार
उदवंतनगर में अब तक 67.09 प्रतिशत, संदेश में 71.42 प्रतिशत और चरपोखरी में 74.06 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हो पाया है. वहीं पीरो में 75.05 प्रतिशत और बड़हरा में 76.52 प्रतिशत रोपनी हुई है. कृषि विभाग इन क्षेत्रों में भी रोपनी कार्य तेज करने पर जोर दे रहा है.
Also Read : आरा में स्कूल वैन हादसा, प्री-प्राइमरी के मासूमों से भरी वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, कई बच्चे घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










