आरा: बड़हरा अंचल में राजस्व व्यवस्था में बदलाव, 22 पंचायतों के लिए 11 कर्मचारियों की नई तैनाती
अंचल कार्यालय | Prabhat Khabar Network
बड़हरा अंचल में राजस्व कार्यों को पारदर्शी बनाने के लिए 22 पंचायतों में 11 राजस्व कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जानिए नई व्यवस्था की पूरी जानकारी।
Bhojpuri News : भोजपुर के बड़हरा अंचल में भूमि एवं राजस्व कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अंचल प्रशासन ने पंचायतवार राजस्व कर्मचारियों की नई तैनाती कर दी है. अंचलाधिकारी अंशु प्रशुन्न ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए 11 राजस्व कर्मचारियों के बीच सभी 22 पंचायतों का दायित्व बांट दिया है. यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है.
22 पंचायतों के लिए 11 राजस्व कर्मचारियों की तैनाती
बड़हरा प्रखंड में कुल 22 पंचायतें हैं, जबकि वर्तमान में केवल 11 राजस्व कर्मचारी कार्यरत हैं. कर्मचारियों की कमी को देखते हुए प्रत्येक कर्मचारी को दो-दो पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी पंचायत में भूमि एवं राजस्व से जुड़े कार्य प्रभावित न हों.
इन पंचायतों की मिली जिम्मेदारी
कार्यालय आदेश के अनुसार विकास कुमार को बखोरापुर एवं नथमलपुर, सुमित कुमार को नरगदा, दीपक कुमार को विशुनपुर एवं बड़हरा, रजनीश कुमार को गजियापुर एवं बबुरा, नीरज कुमार को एकौना एवं सिन्हा, कुमार गौरव को फरना एवं सेमरिया पड़रिया, कृष्णा कुमार को पूर्वी गुण्डी एवं नेकनाम टोला, रवि कुमार को मटुकपुर एवं बभनगांव, निकेश कुमार को सरैया एवं पश्चिमी गुण्डी, मृत्युंजय कुमार को ख्वासपुर एवं सोहरा तथा वीरेन्द्र कुमार को बलुआ एवं पकड़ी पंचायत का प्रभार सौंपा गया है.
समय सीमा में काम पूरा करने का निर्देश
अंचलाधिकारी अंशु प्रशुन्न ने सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लगान वसूली, भूमि अभिलेखों का संधारण और अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए. साथ ही आम लोगों के साथ पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया है.
नई व्यवस्था से लोगों की बढ़ीं उम्मीदें
बड़हरा अंचल कार्यालय लंबे समय से भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन में देरी और कार्यालयी अनियमितताओं को लेकर चर्चा में रहा है. समय-समय पर दाखिल-खारिज और परिमार्जन जैसे कार्यों में विलंब की शिकायतें सामने आती रही हैं. ऐसे में पंचायतवार जिम्मेदारी तय होने के बाद लोगों को बेहतर और तेज सेवा मिलने की उम्मीद जगी है.
अब क्रियान्वयन पर रहेगी जनता की नजर
अंचल प्रशासन की इस पहल की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि राजस्व कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में कितनी सक्रियता और पारदर्शिता से कार्य करते हैं. यदि आदेश का प्रभावी ढंग से पालन हुआ तो दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लगान वसूली सहित अन्य राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार सिंह
संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










