दो थानाध्यक्ष निलंबित, एक लाइन हाजिर
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 03 Apr 2026 8:12 PM
काम में लापरवाही पर एसपी का सख्त एक्शन
अररिया. जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसपी जितेंद्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ तीन थाना प्रभारियों को निलंबित कर दिया है. जानकारी के अनुसार, जोगबनी थाना के थानाध्यक्ष राजीव आजाद व अपर थानाध्यक्ष गोरखनाथ पर अपने कार्यों में लापरवाही सहित तस्करों से सांठ-गांठ की बात सामने आने पर एसपी ने यह विशेष कार्रवाई की है. जहां एसपी ने फारबिसगंज सर्किल इंस्पेक्टर महादेव कामत को इंडो-नेपाल बॉर्डर की बड़ी जवाबदेही देते हुए जोगबनी थाना का कमान सौंपा है. इधर फारबिसगंज थाना के थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह भी एसपी की नजरों से बच नहीं सके. मामला गत 01 जनवरी का है. जहां जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गयी थी. वहीं थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह को मिले आवेदन पर उन्होंने दो दिन तक मामला दर्ज नहीं किया. इधर निवर्तमान एसपी अंजनी कुमार को जानकारी मिलने के बाद उनके सख्त निर्देश पर फारबिसगंज थाना में 03 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गयी. वहीं प्राथमिकी दर्ज के ठीक एक दिन बाद 04 अप्रैल को ही एक पक्ष में शामिल धनंजय नामक व्यक्ति की हत्या हो जाती है. जिसमें एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि यदि उक्त मामले में ससमय प्राथमिकी दर्ज हो जाती तो उक्त हत्या नहीं होती. जिसे कर्तव्य के प्रति गंभीर उदासीनता माना गया. अपने कार्यों में लापरवाही बरतने पर फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह को लाइन हाजिर किया गया है. वहीं डीआइयू टीम में शामिल इंस्पेक्टर मनोज कुमार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए फारबिसगंज थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. तीसरे थानाध्यक्ष में कुंआड़ु थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा भी एसपी के नजरों में नपने से बच नहीं सके. एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि कथित तौर पर उनका फोटो वायरल होने के जानकारी मिली. जांच में सही पाया गया. इस कारण थानाध्यक्ष से शो कॉज पूछते हुए उनका निलंबन किया गया है. हालांकि कुआड़ी थानाध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है. एसपी ने कहा कि रिक्त स्थान पर सुयोग्य अधिकारी की ही नियुक्ति होगी. उन्होंने कहा कि इस तरह की गंभीर लापरवाही व पब्लिक व विभागीय अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप में तीनों थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी व दोषी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस कार्रवाई के बाद से जिले के सभी थानों में सतर्कता बढ़ा दी गई है व पुलिसकर्मियों को अपने-अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने का निर्देश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










