Nawada News : छोटी पाली हत्याकांड: हम इंसाफ चाहिए, रसूख के आगे मामला न दबे, एसपी के सामने फूट-फूटकर रोए परिजन
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 26 May 2026 9:42 AM
एसपी के सामने रोते-बिलखते परिजन.
Nawada News : लोगों ने बताया कि वारंटी मो. फहीम को जेल भेजे जाने के बाद उसके बेटों ने बदले की भावना में यह हमला किया. आरोप है कि उन्होंने आसीफ पर चाकू से हमला किया, जबकि बीच-बचाव करने आए आतिक और अहमद हुसैन को भी चाकू मार दिया गया.
Nawada News : छोटी पाली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर सोमवार को एसपी अभिनव धीमान के सामने फूट-फूटकर रो पड़ा. मृतक आसीफ की मां तबसुम परवीन और अहमद की नानी इसरत परवीन ने रोते हुए कहा कि हमारे निर्दोष बेटे और भांजे की हत्या कर दी गई, लेकिन रसूख के बल पर मामला दबाया न जाए, हमें पूरा इंसाफ चाहिए.
एसपी और एसडीपीओ गुलशन कुमार पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे. इस दौरान माहौल बेहद गमगीन हो गया और महिलाओं की चीख-पुकार से हर कोई भावुक हो उठा.
बंद घर की तलाशी, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
घटना के बाद एसपी अभिनव धीमान, एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर दिगंबर कुमार और नरहट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मुख्य आरोपियों इतेखार और इत्याज के बंद घर का ताला तोड़कर पुलिस ने तलाशी ली और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गांव में अक्सर विवाद और मारपीट करते रहते हैं.
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, वारंटी मो. फहीम को जेल भेजे जाने के बाद उसके बेटों ने बदले की भावना में यह हमला किया. आरोप है कि उन्होंने आसीफ पर चाकू से हमला किया, जबकि बीच-बचाव करने आए आतिक और अहमद हुसैन को भी चाकू मार दिया गया. इस घटना में आसीफ और अहमद हुसैन की मौत हो गई, जबकि आतिक और आमिर गंभीर रूप से घायल हैं.
पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी पक्ष का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. नरहट थाना क्षेत्र में पहले भी छेड़छाड़, मारपीट, छिनतई और धमकी जैसे कई मामले दर्ज हैं.
एसपी का सख्त बयान
एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं एसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि “किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, हर हाल में न्याय मिलेगा.
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
Also Read : नवादा में भीषण गर्मी में सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










