नामांकन से वंचित छात्रों ने स्कूल में की तालाबंदी

नामांकन से वंचित छात्रों का फूटा गुस्सा
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद खुला ताला भरगामा. प्रखंड क्षेत्र स्थित जवाहर उच्च विद्यालय में नामांकन नहीं होने से नाराज छात्र-छात्राओं व उनके परिजनों ने शुक्रवार को विद्यालय परिसर में हंगामा करते हुए कक्षाओं में ताला जड़ दिया. घटना से कुछ समय के लिए विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. जानकारी अनुसार आदर्श मध्य विद्यालय भरगामा से करीब डेढ़ सौ छात्र-छात्राएं ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेकर प्लस टू जवाहर उच्च विद्यालय में नामांकन कराने पहुंचे थे. लेकिन विद्यालय प्रशासन द्वारा नामांकन से इनकार किये जाने पर छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावक आक्रोशित हो गये. अभिभावकों का आरोप है कि सभी छात्र नियमित रूप से पढ़ाई कर आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन विद्यालय प्रबंधन द्वारा नामांकन नहीं लेने से उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को वापस करना गलत है. इससे उनकी पढ़ाई बाधित होगी. वहीं प्रधानाध्यापक मनोज कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं छात्रों का नामांकन किया जायेगा. जिन्होंने राज्य प्रतिभा खोज परीक्षा पास की है. उन्होंने बताया कि यह निर्णय डीईओ के निर्देश के अनुसार लिया गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों व अभिभावकों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया व विद्यालय में लगाए गए ताले को खुलवाया. प्रधानाध्यापक ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए डीइओ के निर्देशानुसार 04 दिनों के भीतर समाधान निकालने का प्रयास किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




