खेल भवन को सुविधा संपन्न व खिलाड़ियों को करें प्रोत्साहित डीएम
Published by : PRAPHULL BHARTI Updated At : 15 Apr 2026 10:11 PM
डीएम की अध्यक्षता में हुई खेल भवन के संचालन समिति की बैठक
अररिया. मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत जिला मुख्यालय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला के संचालन व प्रबंधन के लिए जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में संचालन समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गयी. बैठक में खेल भवन में उपलब्ध सुविधाएं व उनके बेहतर उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गयी. बताया गया कि व्यायामशाला में आधुनिक जिम उपकरण उपलब्ध है. खेल गतिविधियों के लिए कराटे, कबड्डी, कुश्ती, टेबल टेनिस, योग सहित अन्य खेलों का समुचित इंतजाम है. साथ ही सम्मेलन कक्ष व अन्य संसाधनों का उपयोग खिलाड़ियों व खेल संगठनों के हित में सुनिश्चित करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया. संचालन समिति द्वारा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. इसमें खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण, अभ्यास समय-सारणी निर्धारण व खेल भवन के उपयोग हेतु शुल्क निर्धारण शामिल है. खिलाड़ियों के अभ्यास हेतु ग्रीष्मकाल व शीतकाल के अनुसार अलग-अलग समय निर्धारित किये गये हैं. ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सके. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को निःशुल्क सुविधा प्रदान की जायेगी. इसके अतिरिक्त खेल भवन के सुचारू संचालन के लिये आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे साफ-सफाई, सुरक्षा व उपकरणों के रख-रखाव पर भी चर्चा की गयी. इसके लिये आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था आउटसोर्सिंग के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया. जिला पदाधिकारी द्वारा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा को निर्देशित किया गया कि खेल भवन की सभी सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाए. पारदर्शिता के साथ सभी व्यवस्थाओं का संचालन करने का निर्देश बैठक में जिलाधिकारी ने दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










