अररिया में जमीन विवाद में युवक पर दबिया से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती

Published by : Shruti Kumari Updated At : 08 Jun 2026 1:52 PM

विज्ञापन

जमीन विवाद में घायल युवक का जीएमसीएच पूर्णिया में इलाज जारी

Araria Crime news: घायल की पहचान अररिया जिले के झमटा ताराबाड़ी निवासी गाजी आलम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार पड़ोसियों के बीच लंबे समय से जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था.

विज्ञापन

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट:

Araria Crime news: अररिया जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया गया है.

घायल की पहचान अररिया जिले के झमटा ताराबाड़ी निवासी गाजी आलम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार पड़ोसियों के बीच लंबे समय से जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था.

कहासुनी के बाद किया हमला

घायल के भतीजे नोसेरमा ने बताया कि रविवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित पड़ोसी ने गुस्से में आकर घर से धारदार हथियार दबिया निकाल लिया.

आरोप है कि उसने गाजी आलम के सिर पर दबिया से वार कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा.

घटना के बाद आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल पहुंचाया.

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया.

गंभीर बनी हुई है हालत

फिलहाल जीएमसीएच पूर्णिया में घायल युवक का इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

ALSO READ: अग्नि सुरक्षा ऑडिट को लेकर प्रशासन सख्त, होटल और अस्पतालों में चल रहा विशेष अभियान

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन