डेमो के जरिये आग से बचाव की दी जानकारी

लोगों ने की अग्निशमन विभाग की सराहना
भरगामा. प्रखंड क्षेत्र के ग्राम धनेश्वरी पंचायत के बैजूपट्टी में अग्निशमन विभाग की ओर से ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान डेमो प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचाव व सुरक्षा के विभिन्न उपायों की जानकारी दी. कार्यक्रम में अग्निक अजीत कुमार व अग्नि चालक प्रह्लाद कुमार की टीम ने भाग लिया. नुक्कड़ नाटक के जरिये यह दर्शाया गया कि किस प्रकार छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़ी आगजनी की घटनाओं का कारण बनती है. साथ ही समय रहते सतर्कता रहकर इन घटनाओं से बचा जा सकता है. अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं, इसलिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है. घर में बिजली के तारों की नियमित जांच, खाना बनाते समय सतर्कता, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखना व आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देना अत्यंत आवश्यक है. इसके अलावा टीम ने प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के तरीके भी बताए, जैसे बालू, पानी व गीले कपड़े का उपयोग कर छोटी आग पर काबू पाया जा सकता है. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया व अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




