विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, हत्या का आरोप
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 17 Apr 2026 8:35 PM
पुलिस कर रही पूछताछ
भरगामा. थाना क्षेत्र के जयनगर पंचायत के वार्ड संख्या 09 में गुरुवार की रात विवाहित महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. मृतका की पहचान सपना देवी पति हरिवंश झा उर्फ दीपक झा के रूप में की गयी है. जानकारी अनुसार सपना देवी अपने पीछे एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गयी है. उसका मायका सुपौल जिले के मुरली नारायणपुर थाना क्षेत्र के भपटियाही में है. बताया जाता है कि उसके पति हरिवंश झा उर्फ दीपक झा मूल रूप से सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत के महथावा राय टोला के निवासी हैं. जो पिछले कुछ वर्षों से जयनगर में जमीन खरीदकर रह रहे थे. घटना को लेकर मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि महिला की निर्ममता पूर्वक हत्या की गयी है. वहीं इस घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गयी व माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालांकि दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि महिला पिछले कई दिनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थी. उसकी मौत स्वाभाविक भी हो सकती है. इस विरोधाभासी स्थिति ने मामले को ओर पेचीदा बना दिया है. सूचना मिलते ही भरगामा पुलिस मौके पर पहुंची व स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है व सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










