खगड़िया में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हुए लोग

खगड़िया में भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हुए लोग
Khagaria Weather: सुबह से ही तेज धूप, दोपहर में सुनसान सड़कें और शाम तक राहत का इंतजार. खगड़िया में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो गया है और अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है.
अमित कुमार की रिपोर्ट, खगड़िया
Khagaria Weather: खगड़िया जिले में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगता है. दोपहर तक स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है. हालांकि बढ़ी हुई नमी और उमस के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हो रही है.
जूस और ठंडे पेय की दुकानों पर बढ़ी भीड़
गर्मी से राहत पाने के लिए लोग विभिन्न उपाय अपना रहे हैं. शहर में जूस, शिकंजी, नारियल पानी, आइसक्रीम और शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है. दोपहर के समय लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं.
दूसरी ओर बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है. बार-बार बिजली कटने के कारण एसी, कूलर और पंखे भी अपेक्षित राहत नहीं दे पा रहे हैं. इससे घरों और कार्यालयों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अस्पतालों में बढ़ने लगे गर्मी से जुड़े मरीज
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द, थकान, बुखार और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. सरकारी और निजी अस्पतालों में भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मरीज पहुंच रहे हैं.
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के एवं सूती कपड़े पहनने तथा शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की है.
बारिश का इंतजार, लोगों की नजर आसमान पर
स्थानीय लोगों का कहना है कि जून की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. फिलहाल पूरा जिला भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहा है और लोगों की निगाहें मानसून की पहली बारिश पर टिकी हुई हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










