लंबित मामलों का शीघ्र करें निष्पादन : एसडीपीओ

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 01 Jun 2026 6:51 PM

विज्ञापन

एसडीपीओ ने भरगामा थाना का किया निरीक्षण

विज्ञापन

एसडीपीओ ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव व आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया

भरगामा. सोमवार को फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने भरगामा थाना का गहन निरीक्षण किया. करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों, मालखाना, पुरुष हाजत, महिला हवालात, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्पलाइन कक्ष सहित अन्य कार्यालयों का जायजा लिया. इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव व आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया. निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष राजेश कुमार से थाना क्षेत्र में दर्ज विभिन्न कांडों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने विशेष रूप से लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. एसडीपओ ने कहा कि गंभीर मामलों की जांच में वैज्ञानिक पद्धति अपनाई जाए ताकि दोषियों को सजा मिल सके व निर्दोष व्यक्ति किसी भी स्थिति में न फंसे. उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को घटनास्थल का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने व विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.

थाना क्षेत्र में करें नियमित गश्ती

अपराध नियंत्रण को लेकर एसडीपओ ने थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, विशेषकर संध्या व रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.साथ ही सीमावर्ती इलाकों में वाहन चेकिंग अभियान चलाने व अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा. उन्होंने चोरी-छिपे शराब कारोबार व नशे के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों पर सख्ती से कार्रवाई करने व सूचना तंत्र को मजबूत करने की बात कही. इस मौके पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार के साथ अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार, एसआई नितेश सिंह, एसआइ रौशन कुमार, एसआई गुड्डू कुमार,एसआइ शंभू कुमार झा , एएसआइ विभाष सिंह,एएसआइ वकील राम, पीटीसी दीपक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद थे.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन