बिहार रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अररिया की धमाकेदार एंट्री, तीन खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे

Updated:
विज्ञापन

टीम मैनेजर के साथ अररिया के खिलाड़ी. | Prabhat Khabar Network

अररिया टेबल टेनिस टीम ने पहली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है. तीन खिलाड़ियों के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने से चयनकर्ताओं की नजरें इन पर टिक गई हैं. यह प्रदर्शन जिले में टेबल टेनिस के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है.

विज्ञापन

Araria News: बिहार राज्य प्रथम रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में अररिया की टीम ने अपने पहले ही राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में ऐसा प्रदर्शन किया कि चयनकर्ताओं की नजरें भी इस उभरती टीम पर टिक गईं. मुजफ्फरपुर में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और संघर्ष क्षमता का शानदार परिचय देते हुए तीन खिलाड़ियों को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया.

यह प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि अररिया की टीम पहली बार किसी राज्य स्तरीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उतरी थी. सीमित अनुभव के बावजूद खिलाड़ियों ने लगातार मुकाबले जीतकर यह संकेत दिया कि जिले में टेबल टेनिस का भविष्य मजबूत हो सकता है.

महिला वर्ग में अंजलि और सुलेखा ने दिखाया दम

महिला वर्ग में अंजलि कुमारी ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की. उन्होंने पहले राउंड में पटना की रुद्रांगी अनाया को 3-0 से हराया. दूसरे राउंड में पटना की नाव्या लक्ष्मी को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. हालांकि क्वार्टर फाइनल में उन्हें पटना की कुमारी अनन्या के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा.

सुलेखा कुमारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले राउंड में पटना की आर्निका आनंद को 3-0 से हराया. दूसरे राउंड में उन्होंने नाव्या लक्ष्मी को 3-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. क्वार्टर फाइनल में तेजस्वी तेजश्री के खिलाफ उन्हें 1-3 से हार मिली.

लगातार दो-दो मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना दोनों खिलाड़ियों के मजबूत खेल और मानसिक दृढ़ता को दर्शाता है.

अंश ठाकुर ने भी बनाया क्वार्टर फाइनल तक का सफर

बालक वर्ग में अंश ठाकुर ने पहले राउंड में मधेपुरा के आरव कुमार को 3-0 से हराया. दूसरे राउंड में गया के अर्थव सिंह को 3-1 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला पटना के शिवम कुमार से हुआ, जिसमें उन्हें 0-3 से हार मिली.

मेंस वर्ग में चंदन ठाकुर का सामना पटना के कबीर साहू से हुआ. इस मुकाबले में चंदन को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि टीम के अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने अररिया की मौजूदगी को राज्य स्तरीय मंच पर मजबूत तरीके से दर्ज कराया.

पहली ही प्रतियोगिता में चयनकर्ताओं का खींचा ध्यान

अररिया टेबल टेनिस के महासचिव सह टीम मैनेजर सनाउल हक ने कहा कि सीमित अनुभव के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस स्तर का प्रदर्शन किया है, वह बेहद उत्साहजनक है. उन्होंने कहा कि पहली ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दो महिला और एक पुरुष खिलाड़ी का क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना इस बात का संकेत है कि अररिया में टेबल टेनिस की मजबूत प्रतिभाएं मौजूद हैं.

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रशिक्षण और अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

Araria News: अररिया में टेबल टेनिस के नए दौर की शुरुआत

अररिया टीम के अध्यक्ष खुर्शीद खान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन जिले में टेबल टेनिस के नए अध्याय की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संगठन लगातार काम करेगा.

मुजफ्फरपुर में मिले इस प्रदर्शन ने जिले के खेलप्रेमियों में नया उत्साह भर दिया है. अब उम्मीद की जा रही है कि आने वाली प्रतियोगिताओं में अररिया के खिलाड़ी और बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम बड़े मंचों पर रोशन करेंगे.

Also Read: पूर्वोत्तर भारत का इंडस्ट्रियल हब बनेगा बिहार, करोड़ों के प्रोजेक्ट्स से बदलेगी सूरत, कुछ ऐसा है मास्टर प्लान

Also Read: अगर RJD छोड़ देता तो आज डिप्टी CM होता', भाई वीरेंद्र बोले- लालू के साथ रहने के लिए बहुत त्याग किया


विज्ञापन
सुदीप भारती

लेखक के बारे में

By सुदीप भारती

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन