रेफरल अस्पताल रोड के पास फल दुकान में देर रात लगी भीषण आग, 50 हजार से अधिक का नुकसान
आग लगने से जले फल दुकान व बिखरे पड़े सारे सामान | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज रेफरल अस्पताल रोड पर स्थित एक फल दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे दुकानदार को 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. दुकान मालिक ने असामाजिक तत्वों द्वारा दुश्मनी में आग लगाने की आशंका जताई है.
अररिया जिले के फारबिसगंज शहर स्थित रेफरल अस्पताल रोड मोड़ के समीप सोमवार की देर रात सड़क किनारे अवस्थित एक फल दुकान में भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में दुकान में रखे सभी फल और कैरेट जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे पीड़ित दुकानदार को 50 हजार रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान पहुंचा है.
देर रात 2:30 बजे मची अफरा-तफरी
घटना के संबंध में वार्ड संख्या 07 निवासी पीड़ित दुकानदार प्रकाश राम ने बताया कि सोमवार की रात वह रोजाना की तरह अपनी दुकान को सही तरीके से बंद कर घर चले गए थे. देर रात लगभग ढाई बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं और लपटें उठती देख शोर मचाया. हल्ला सुनकर जब तक वह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था.
दुश्मनी में आग लगाने की आशंका, खंगाला जा रहा CCTV
अग्निकांड के बाद पीड़ित दुकानदार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए किसी असामाजिक तत्व द्वारा दुश्मनी में जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई है. घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए पीड़ित दुकानदार और स्थानीय लोग आसपास की दुकानों एवं परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रहे हैं, ताकि देर रात दुकान में आग कैसे लगी, इसकी सच्चाई सामने आ सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए