12 एकड़ में बनेगा सेनेटरी लैंडफिल, सफाई एजेंसी हटाने का प्रस्ताव पारित
फोटो- नंप नरपतगंज की सामान्य बोर्ड की बैठक में मौजूद पार्षद व अन्य
नरपतगंज नगर पंचायत की बैठक में सेनेटरी लैंडफिल और मोक्ष धाम के लिए जमीन चिन्हित की गई। सफाई एजेंसी को हटाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
Narpatganj Nagar Panchayat: नरपतगंज (अररिया). नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था, राजस्व वसूली, आवास योजना, पुस्तकालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गए.
12 एकड़ में बनेगा सेनेटरी लैंडफिल
मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी ने बताया कि वार्ड संख्या-1 में सेनेटरी लैंडफिल के लिए 12 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है. इसका प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा. लैंडफिल बनने से खुले में कचरा फेंकने से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी और नगरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मोक्ष धाम के लिए भी भूमि चिन्हित
विधायक देवंती यादव ने बताया कि नगर क्षेत्र में मोक्ष धाम के लिए भी भूमि चिन्हित कर ली गई है. इसके अलावा सम्राट अशोक भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही गई. बैठक में नगर के विकास से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई.
सफाई एजेंसी हटाने का प्रस्ताव पारित
बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं. सदस्यों ने 20 वार्डों में सफाई व्यवस्था में अनियमितता का आरोप लगाते हुए वर्तमान सफाई एजेंसी को हटाने का प्रस्ताव पारित किया. इस मुद्दे पर अगले सप्ताह विशेष बोर्ड की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया.
तीन महीने में आठ लाख से अधिक राजस्व वसूली
कार्यपालक पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि पिछले तीन महीनों में नगर पंचायत को आठ लाख रुपये से अधिक राजस्व की वसूली हुई है. उन्होंने बताया कि 769 आवास योजना लाभुकों का चयन कर अनुमोदन के लिए भेजा गया है. वहीं वार्ड संख्या-2 में पुस्तकालय का निर्माण पूरा हो चुका है.
उपमुख्य पार्षद सहित सभी पार्षद रहे मौजूद
Narpatganj Nagar Panchayat: बैठक में उपमुख्य पार्षद कुंती देवी, सभी वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत के पदाधिकारी मौजूद रहे. सदस्यों ने नगर की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार यादव
संजीव कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. नरपतगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










