छात्रों ने प्राचार्य पर लगाया भ्रष्टाचार व तानाशाही का आरोप

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 18 May 2026 6:40 PM

विज्ञापन

आवाज उठाओ, तो हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी

विज्ञापन

अररिया.अररिया कॉलेज अररिया सोमवार को छात्रों के गुस्से का केंद्र बन गया. युवा शक्ति छात्र संगठन के बैनर तले दर्जनों छात्रों ने कॉलेज का घेराव कर प्रधानाचार्य के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन किया. छात्रों ने प्रधानाचार्य पर भ्रष्टाचार, तानाशाही व छात्र-विरोधी रवैये के संगीन आरोप लगाए.

प्रधानाचार्य के कमरे में पलंग, क्लास में टूटे बेंच

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के जिलाध्यक्ष राजीव पोद्दार व उपाध्यक्ष रंजन वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य अपने कार्यालय में पलंग लगाकर आराम फरमाते हैं, जबकि कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था बदहाल है. छात्र नेता जितेंद्र यादव का कहना है कि क्लासरूम में सड़े-गले, टूटे बेंच लगाकर लाखों के फर्जी बिल पास किए जा रहे हैं. सरकारी राशि के दुरुपयोग का सीधा आरोप लगाया गया.

कुलपति के आदेश की उड़ाईं धज्जियां

छात्र नेता जितेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे कॉलेज का मुख्य द्वार लगातार बंद रखा जाता है. इससे छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है. कुलपति ने पार्किंग व्यवस्था का आदेश दिया था, लेकिन प्रधानाचार्य ने आदेश को ठंडे बस्ते में डाल दिया.

आवाज उठाओ, तो हरिजन एक्ट में फंसाने की धमकी

कॉलेज अध्यक्ष रोशन कुमार व छात्र नेता तालिब शेख ने गंभीर आरोप लगाया कि सैकड़ों आवेदन महीनों से लंबित हैं. जो छात्र अनियमितताओं के खिलाफ बोलता है, उसे फर्जी हरिजन मुकदमे में फंसाकर कैरियर बर्बाद करने की धमकी दी जाती है.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरने पर बैठे छात्र नेता जितेंद्र यादव व आकरूजमा सहित युवा शक्ति छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार व शोषण नहीं रुका तो आंदोलन को विश्वविद्यालय से लेकर राजभवन तक ले जाया जायेगा. प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में घंटों तनाव बना रहा. छात्रों ने निष्पक्ष जांच व दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है. मुख्य आरोप में टूटे बेंच के नाम पर अवैध बिल पास कर सरकारी राशि का दुरुपयोग, प्रधानाचार्य का कमरे में पलंग लगाकर आराम करना, शैक्षणिक व्यवस्था ध्वस्त, कुलपति के आदेश के बावजूद एनएच वाला मुख्य गेट बंद, पार्किंग की व्यवस्था बंद, आवाज उठाने वाले छात्रों को फर्जी एससी-एसटी केस में फंसाने का आरोप शामिल है. छात्रों ने कहा कि अब देखना है, विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाते हैं.

—————सभी आरोप बेबुनियाद व मनगढ़ंत : प्राचार्यफोटो:35- रामदयाल पासवान, प्राचार्य, अररिया कॉलेज, अररिया. छात्र संगठन द्वारा लगाये गये सभी आरोप बेबुनियाद व मनगढ़ंत हैं. सोशल मीडिया पर कुछ भी लिख कर डाला जा रहा है. जिसको देखते हुए संगठन के दो नेता पर मुझे लीगल नोटिस भी भेजा है. यदि मेरे ऊपर लगाये जा रहे आरोप सत्य हैं तो साक्ष्य प्रस्तुत करें. सरकारी आदेश के अनुसार बेंच जेम पोर्टल से खरीदगी की गयी है. दूर से आने के कारण एकाध बेंच रास्ते में टूट जाते हैं तो इसमें कोई क्या कर सकता है. कुछ दिनों पूर्व एक छात्रा का मोबाइल उचक्के ने छीन लिया. इसलिए कॉलेज प्रशासन द्वारा मुख्य द्वार बंद रखकर एक छोटा गेट को खोला गया है.

रामदयाल पासवान, प्राचार्य, अररिया कॉलेज, अररिया.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन