प्रभात खबर इंपैक्ट: ज्यादा पैसा वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई, सील हुआ पेट्रोल पंप

Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 18 May 2026 8:13 PM

विज्ञापन

पेट्रोल पंप सील करते एसडीएम संजय कुमार और अन्य.

Garhwa: ज्यादा पैसा वसूली मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गढ़वा में एक पेट्रोल पंप को सील कर दिया. प्रभात खबर के फेसबुक पेज पर कर्मी का ज्यादा पैसे मांगने का वीडियो वायरल हुआ था. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

विज्ञापन

Garhwa: गढ़वा जिले के मेराल स्थित लातदाग में इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सोशल मीडिया और प्रभात खबर झारखंड के फेसबुक पेज पर पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा अवैध वसूली का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में दिख रही सच्चाई के आधार पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया. त्वरित जांच के बाद आरोपों को सही पाते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है.

अवैध वसूली का वीडियो निकला सच

दरअसल, मेराल के ‘शिवनंदन फ्यूल’ पेट्रोल पंप का एक वीडियो सोशल मीडिया समेत प्रभात खबर झारखंड के फेसबुक पेज पर प्रमुखता से चला था. इस वीडियो में पेट्रोल पंप के कर्मचारी गैलन (डब्बे) में पेट्रोल-डीजल देने के एवज में उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से 200 अतिरिक्त (अवैध वसूली) मांगते हुए साफ नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर आने के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त अनन्य मित्तल ने तुरंत जांच के निर्देश दिए.

जांच करने पहुंची टीम

उपायुक्त के आदेश पर सदर एसडीओ संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम में अंचल अधिकारी मेराल, थाना प्रभारी मेराल और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को शामिल किया गया. टीम ने जब मौके पर जाकर मामले की सघन जांच की, तो वायरल वीडियो में लगाए गए अवैध वसूली के सभी आरोप शत-प्रतिशत सही पाए गए. जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद सदर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए ‘शिवनंदन फ्यूल’ पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया.

पेट्रोल पंप संचालक पर होगा एफआईआर

इसके साथ ही दोषी पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके अलावा, इस पूरे फर्जीवाड़े और कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर को भी भेज दी गई है.कार्रवाई के दौरान मौके पर सदर एसडीएम के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, अंचल अधिकारी सह बीडीओ यशवंत नायक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था.

अवैध वसूली करने वालों में हड़कंप

सदर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की अवैध वसूली, धोखाधड़ी या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी पेट्रोल पंप संचालक तय नियमों के खिलाफ काम करेंगे, उनके विरुद्ध ऐसी ही सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद गढ़वा जिले के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों और मिलावटखोरों/अवैध वसूली करने वालों में हड़कंप मच गया है.

ये भी पढ़ें…

प्रभात खबर इंपैक्ट: रक्सी टोला ‘देसी जुगाड़’ पुल पर डीसी गंभीर, बीडीओ और इंजीनियर को जांच के आदेश 

गढ़वा : भौंराहा जंगल में कोरवा बस्ती पहुंचे एसडीएम, जरूरतमंदों के बीच बांटी राहत सामग्री

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola