प्रभात खबर इंपैक्ट: रक्सी टोला ‘देसी जुगाड़’ पुल पर डीसी गंभीर, बीडीओ और इंजीनियर को जांच के आदेश 

Updated:
विज्ञापन
Garhwa News

गढ़वा :-बिजली के खंभे के सहारे तैयार किया गया रास्ता

Garhwa News: रक्सी टोला में पुल टूटने के बाद ग्रामीणों द्वारा बनाए गए ‘देसी जुगाड़’ वाले रास्ते पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है. उपायुक्त ने जांच के आदेश देते हुए जल्द स्थायी पुल निर्माण का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

श्री वंशीधर नगर से गौरव पांडेय की रिपोर्ट 

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत रक्सी टोला से आई सिस्टम की लाचारी और ग्रामीणों के बेमिसाल जज्बे की तस्वीर पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है.’प्रभात खबर’ के प्रिंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रकाशित समाचार का जमीनी स्तर पर बेहद गहरा असर हुआ है. खबर के वायरल होते ही गढ़वा के उपायुक्त  अनन्य मित्तल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन प्रखंड विकास पदाधिकारी और अभियंता को  निर्माण स्थल पर जाने का  निर्देश जारी किया है.

डीसी ने रक्सी टोला पुल मामले में जांच के दिए आदेश 

डीसी ने प्रभात खबर की रिपोर्ट पर एक्शन लेते हुए न केवल अधिकारियों को रक्सी टोला का दौरा करने को कहा, बल्कि विभागीय लेटशतीफी पर भी कड़ा रुख अपनाया है. डीसी अनन्य मित्तल निर्देश देते हुए कहा कि बीडीओ और अभियंता को तत्काल रक्सी टोला का दौरा कर यह जांच करने का निर्देश दिया है कि संबंधित विभाग द्वारा समय पर इस पुल का निर्माण क्यों नहीं कराया गया.

क्या था पूरा मामला? जब सिस्टम हारा, तो ग्रामीणों ने खुद काटा रास्ता

श्री बंशीधर नगर के रक्सी टोला में बाकी नदी पर बना कई साल पुराना पुल पिछले वर्ष बरसात के दौरान तेज बहाव में पूरी तरह बह गया था. पुल टूट जाने के कारण क्षेत्र के तीन प्रमुख गांवों का आपसी संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्कूली बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है, वहीं गंभीर मरीजों और दैनिक मजदूरों के लिए आवागमन एक बड़ी चुनौती बन गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिले. इसी उपेक्षा से परेशान होकर रक्सी टोला के ग्रामीणों ने स्वयं आगे बढ़कर समाधान निकालने का निर्णय लिया. उन्होंने आपस में चंदा इकट्ठा किया और बिजली के पुराने खंभे खरीदकर अस्थायी व्यवस्था की पहल की. 

देसी जुगाड़ से बनाया रास्ता, जल्द बनेगा स्थायी पुल 

कड़ी मेहनत और ‘देसी जुगाड़’ के सहारे नदी के दोनों छोरों को इन खंभों से जोड़कर पैदल चलने लायक एक अस्थाई रास्ता तैयार कर लिया. हालांकि यह रास्ता बेहद खतरनाक और जोखिम भरा था, लेकिन मजबूरी में ग्रामीणों को इसी से गुजरना पड़ रहा था. एक तरफ जहां राज्य सरकार हर सुदूर क्षेत्र में पुल-पुलियों का जाल बिछाने और विकास को धरातल पर उतारने का दावा करती है, वहीं रक्सी टोला की यह स्थिति विकास के दावों की पोल खोल रही थी. प्रभात खबर द्वारा ग्रामीणों की इस बेबसी और हौसले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन की नींद टूटी है. उपायुक्त के इस त्वरित आदेश के बाद अब रक्सी टोला के ग्रामीणों में यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें इस खतरनाक और जोखिम भरे सफर से मुक्ति मिलेगी और विभागीय स्तर पर एक मजबूत, स्थाई पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : खरसावां के राजकीय प्लस टू हाई स्कूल में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

यह भी पढ़ें : बोकारो के सेक्टर-1 में युवक को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज

विज्ञापन
Priya Gupta

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola