नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय पर्व शुरू

Published at :06 Nov 2013 10:58 PM (IST)
विज्ञापन
नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय पर्व शुरू

बक्सर/डुमरांव लोक आस्था का महापर्व छठ बुधवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू होने के साथ ही माहौल छठमय हो गया है. पर्व को लेकर व्रतियों और उनके परिजनों ने घरों की सफाई की. छठ घाट जानेवाले रास्ते की सफाई में आम लोगों के साथ स्वयंसेवी संस्था के लोग भी […]

विज्ञापन

बक्सर/डुमरांव

लोक आस्था का महापर्व छठ बुधवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू होने के साथ ही माहौल छठमय हो गया है. पर्व को लेकर व्रतियों और उनके परिजनों ने घरों की सफाई की. छठ घाट जानेवाले रास्ते की सफाई में आम लोगों के साथ स्वयंसेवी संस्था के लोग भी जुटे हुए हैं. भगवान भास्कर की उपासना के लिए आस्था के साथ महिलाएं पूजा-अर्चना कर लौकी की सब्जी और चना के दाल का प्रसाद ग्रहण करेंगी़ लोक आस्था का यह महापर्व बक्सर के गंगा घाटों पर काफी धूमधाम से मनाया जाता है. गंगा घाटों पर मेला-सा दृश्य रहता है. नगर पर्षद की ओर से छठ घाटों की सफाई के साथ लाइट की व्यवस्था की जा रही है. छठव्रती महिलाओं ने बताया कि गुरुवार को खरना का व्रत होगा. शुक्रवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ दिया जायेगा. शनिवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ देने के साथ महापर्व का समापन हो जायेगा.

100 रुपये किलो तक बिकी लौकी

बुधवार को लौकी की मांग अधिक होने से बाजारों में लौकी के तेवर गरम रहे. बाजार में लौकी इस बार 100 रुपये किलो पार कर गया़ नगर की सब्जी मंडियों के अलावा सड़क किनारे भी लौकी की दुकानें लगायी गयी थीं. कई छठ व्रतियों को पड़ोसी के यहां से लौकी उपलब्ध हुई़ वैसे बाजार में 80 से 110 रुपये प्रति पीस बिकी. नगर के गोला रोड, जंगल बाजार सहित अन्य जगहों पर लौकी की दुकानें सजी थी़ं छठ को लेकर महिलाएं स्नान कर शुद्ध जल से लाल गेहूं को धोया और धूप में सूखा कर उसकी पिसाई की़ पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी है़ हर ओर पवित्रता और आस्था का माहौल दिखने लगा है़ चौक-चौराहों पर छठ मइया के गीत गूंजने से पूरा शहर भक्तिमय हो गया है़ पूजा को ले महिलाएं सभी कार्य को आस्था के साथ करने में लगी हैं़

घाटों को तैयार करने में जुटे लोग

डुमरांव . कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी के दिन मनाये जानेवाले छठ पर्व की तैयारियां जोरों पर है़ उर्जा व प्रकाश के प्रतीक भगवान सूर्य की आराधना के लिए व्रतियों में उत्साह दिखने लगा है़ पर्व की पवित्रता एवं कड़े नियम वाले व्रत को करने से छठ व्रतियों की मनोकामना पूर्ण होती हैं़ घाटों की सफाई में पूजा समितियों एवं व्रतियों के परिजन जुट गये हैं. बाजार में नये चावल, गुड़, लौकी एवं बांस के बने सूप व दउरा सहित फलों का बाजार गरम होता जा रहा है़ दूसरी ओर नगर के पवित्र स्थान छठिया पोखरा, राम सूरत राय के पोखरा, कांव नदी, नया तालाब एवं जंगली नाथ मंदिर तालाब के विभिन्न घाटों की सफाई कर पूजा-अर्चना के लिए नयी मिट्टी से घाटों का निर्माण किया जा रहा है़ श्रद्धालुओं व व्रतियों को कोई तकलीफ नहीं हो, इसके लिए रास्ता, रोशनी एवं कूड़े का उठाव का प्रबंध किया जा रहा है़ पर्व को लेकर व्रतियों के लिए घर से घाट तक रास्ते के क्रम में चौक-चौराहों पर भव्य द्वार और पंडाल बनाये गये हैं़

छठ घाटों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

भाजपा की हुंकार रैली के दौरान हुए सीरियल बम ब्लास्ट के बाद लोक आस्था के पर्व छठ पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने अभी से कवायद शुरू कर दी है़ पुलिस कप्तान बाबूराम के निर्देश के बाद स्थानीय थाने ने नगर के विभिन्न छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया़

छठ पूजा के दौरान घाटों पर कैमरों से असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जायेगी़ वहीं, सीआइडी के अलावा सादी वरदी में भी पुलिस तैनात रहेंगी़ इस बाबत थानाप्रभारी संजय झा ने बताया कि लोगों में जागरूकता के लिए संदिग्ध सामान एवं बम की पहचान के लिए जगह-जगह संदेश लिखा इश्तेहार लगाये जायेंगे, ताकि नगर में कोई भी लावारिस समान या संदिग्ध व्यक्ति दिखें तो इसकी सूचना पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है़ उन्होंने बताया कि इस बार घाटों पर मेटल डिटेक्टर लगाया जायेगा, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो सक़े

कहते हैं दुकानदार

दुकानदार उमेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अपनी दुकान के लिए बाजार को देखते हुए फलों की खरीदारी की है. फलों की मात्र पहले से कुछ कम कर दुकान लगायी है. पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष फलों का स्टॉक कम रखा है, ताकि घाटा न लगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन