ePaper

नर्वस नाइंटीज के शिकार शॉ, दिल्ली ने सुपर ओवर में केकेआर को हराया

Updated at : 30 Mar 2019 7:53 PM (IST)
विज्ञापन
नर्वस नाइंटीज के शिकार शॉ, दिल्ली ने सुपर ओवर में केकेआर को हराया

नयी दिल्ली :नाटकीयता और रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे मुकाबले में पृथ्वी शॉ 99 रन पर आउट हो गए लेकिन जीत की दहलीज पर पहुंचकर स्कोर बराबर होने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को सुपर ओवर में हरा दिया. जीत के लिये 186 रन के विशाल लक्ष्य के करीब पहुंचकर […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली :नाटकीयता और रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे मुकाबले में पृथ्वी शॉ 99 रन पर आउट हो गए लेकिन जीत की दहलीज पर पहुंचकर स्कोर बराबर होने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को सुपर ओवर में हरा दिया. जीत के लिये 186 रन के विशाल लक्ष्य के करीब पहुंचकर दिल्ली कुलदीप यादव के आखिरी ओवर में छह रन नहीं बना सकी.

दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर रहा और मैच सुपर ओवर तक खिंचा. आखिरी ओवर में दिल्ली को छह रन चाहिये थे लेकिन पहली गेंद पर हनुमा विहारी ने एक और दूसरी पर कोलिन इंगराम ने दो रन बनाये. तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना जबकि चौथी गेंद पर एक रन बना.

अगली गेंद पर विहारी ने शुभमान गिल को कैच थमा दिया और आखिरी गेंद पर एक रन दौड़ने के बाद इंगराम रन आउट हो गए. सुपर ओवर में दिल्ली के लिये ऋषभ पंत , श्रेयस अय्यर और साव मिलकर 10 रन बना सके जबकि अय्यर का विकेट भी प्रसिद्ध कृष्णा ने लिया. केकेआर के लिये ‘हिटमैन ‘ आंद्रे रसेल और कप्तान दिनेश कार्तिक उतरे लेकिन कागिसो रबाडा को पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद तीसरी गेंद पर रसेल बोल्ड हो गए.

कार्तिक और राबिन उथप्पा मिलकर टीम को सात रन तक ही पहुंचा सके. इससे पहले साव का विकेट गिरने पर दिल्ली को नौ गेंद में 12 रन चाहिये थे और उसके छह विकेट बाकी थे. साव 55 गेंद में 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 99 रन बनाकर फग्युर्सन की गेंद पर दिनेश कार्तिक को कैच देकर लौटे.

कप्तान श्रेयस अय्यर ने साव का बखूबी साथ निभाते हुए 32 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाये. दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 89 रन जोड़े. सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 16 रन बनाकर आउट हो गए थे. इसके बाद पृथ्वी ने पहले अय्यर और फिर ऋषभ पंत के साथ 54 रन की साझेदारी करके टीम को जीत तक पहुंचाया.

पंत 18वें ओवर में कुलदीप की गेंद पर पीयूष चावला को कैच देकर आउट हुए. इससे पहले आंद्रे रसेल की आतिशी पारी और कप्तान दिनेश कार्तिक के साथ 53 गेंद में 95 रन की साझेदारी की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स ने खराब शुरूआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 185 रन बनाये.

केकेआर की शुरूआत बेहद खराब रही और दसवें ओवर में उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी जब स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 61 रन टंगे थे. इसके बाद रसेल और कार्तिक ने पारी को संभाला और सिर्फ 53 गेंद में 95 रन की साझेदारी की. शानदार फार्म में चल रहे रसेल ने 11वें ओवर में अमित मिश्रा को छक्का लगाकर हाथ खोले. वहीं संदीप लामिछाने के डाले 12वें ओवर में कार्तिक ने चौका और रसेल ने दो छक्के लगाकर 17 रन लिये.

हर्षल पटेल ने पहले तीन ओवर में बीस रन दिये लेकिन उसके आखिरी ओवर में कार्तिक ने चौका और रसेल ने लांग आन पर दो छक्के लगाकर 20 रन ले डाले. रसेल ने कागिसो रबाडा को चौका लगाकर 23 गेंद में दो चौकों और छह चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया.

उन्हें क्रिस मौरिस ने अपनी आखिरी गेंद पर आउट किया और फाइन लेग में राहुल तेवातिया ने उनका कैच लपका हालांकि वह रबाडा से टकरा भी गए लेकिन गेंद उनके हाथ से नहीं छूटी. कार्तिक 35 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा करने के बाद मिश्रा की गेंद पर विकेट के पीछे पंत को कैच दे बैठे.

पीयूष चावला ने मिश्रा को छक्का लगाया और 12 रन बनाकर आखिरी गेंद पर रन आउट हुए जबकि कुलदीप यादव 10 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले फिरोजशाह कोटला की धीमी पिच पर केकेआर को पहला झटका चौथे ओवर में संदीप लामिछाने ने दिया जब निखिल नाईक (सात) पगबाधा आउट हो गए.

अनुभवी राबिन उथप्पा भी टिककर नहीं खेल सके और छठे ओवर में हर्षल पटेल की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए. उथप्पा 11 रन बनाकर आउट हुए . इसके बाद केकेआर ने तीन गेंद के भीतर दो विकेट गंवा दिये और आठवें ओवर की पहली गेंद पर स्कोर चार रन पर 44 रन था .

पहले सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कागिसो रबाडा ने क्रिस लिन को विकेट के पीछे लपकवाया. ऋषभ पंत ने बायीं ओर डाइव लगाकर यह कैच लपका . इसके दो गेंद बाद फार्म में चल रहे नीतिश राणा भी बड़ा शाट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे .

पटेल की गेंद पर फाइन लेग बाउंड्री पर रबाडा ने उनका शानदार कैच लपका. जूनियर विश्व कप स्टार और दिल्ली के शुभमान गिल से काफी उम्मीदें थी लेकिन वह भी टिककर नहीं खेल सके. दसवें ओवर में लामिछाने की गेंद पर तीसरा रन चुराने के प्रयास में वह सीमारेखा के पटेल के सटीक थ्रो पर रन आउट हुए.

टीमें इस प्रकार है

दिल्ली कैपिटल (प्लेइंग इलेवन) : पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर (कप्‍तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), कॉलिन इनग्राम, हनुमा विहारी, क्रिस मॉरिस, संदीप लामिछाने, कगीसो रबाडा, हर्षल पटेल और अमित मिश्रा.

कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन) : क्रिस लिन, नितीश राणा, रॉबिन उथप्पा, निखिल नाइक, दिनेश कार्तिक (विकेट कीपर /कप्‍तान), शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, लॉकी फर्ग्यूसन और प्रसिद्ध कृष्णा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola