गौशाला में चल रहा था नशे का खेल, पुलिस ने मारी रेड, 160 प्रतिबंधित सूई जब्त
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 12 Jun 2026 3:10 PM
Supaul News: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में एक गौशाला से 160 प्रतिबंधित नशे की सूई बरामद की गई. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया.
कटैया-निर्मली (सुपौल) से इंद्रभूषण की रिपोर्ट
Supaul News: नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पिपरा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. बसहा वार्ड संख्या 4 में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक गौशाला से 160 पीस प्रतिबंधित नशे की सूई बरामद की. मामले में आरोपी कुन्दन कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बसहा निवासी कुन्दन कुमार गौशाला की आड़ में नशे से जुड़े अवैध कारोबार का संचालन कर रहा है. सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की.
गौशाला से मिली 160 प्रतिबंधित सूई
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक प्लास्टिक के थैले में रखी 160 प्रतिबंधित सूई बरामद की. पुलिस का अनुमान है कि इनका उपयोग नशे के इंजेक्शन लगाने में किया जाता था. बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
पुलिस पहुंची तो फरार हो गया आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी कुन्दन कुमार पीछे के रास्ते से भाग निकला. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है.
नशे के खिलाफ लगातार चल रहा अभियान
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. लोगों से भी अपील की गई है कि वे नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










