वीरपुर में टीबी मरीजों के लिए आगे आए निश्चय मित्र, पोषण सहायता के रूप में बांटा गया फूड बास्केट

फोटो कैप्शन - फूड बास्केट का वितरण करते एसडीएम और अन्य | Prabhat Khabar Network
वीरपुर के ललित नारायण अस्पताल में टीबी मरीजों को गोद लेने का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां एसडीएम और समाजसेवियों ने मरीजों को फूड बास्केट वितरित की.
Supaul News: सुपौल जिले के वीरपुर में टीबी (क्षय रोग) के मरीजों को पोषण सहायता और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निश्चय मित्र अभियान के तहत 10 टीबी पीड़ितों को गोद लेकर उनके बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया. प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों और स्थानीय समाजसेवियों ने इस अभियान में भाग लेकर टीबी उन्मूलन को जनभागीदारी से जोड़ने की अपील की.
बसंतपुर प्रखंड के 10 टीबी मरीजों को मिला पोषण सहयोग
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में बसंतपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से चयनित 10 टीबी मरीजों को निश्चय मित्र के रूप में गोद लेने की प्रक्रिया पूरी की गई.
इस दौरान वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने दो टीबी मरीजों को गोद लिया. इसके अलावा प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीपक, अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार, एसटीएस प्रकाश चंद्र साह और स्थानीय समाजसेवी कृष्ण कुमार पांडे ने भी दो-दो मरीजों को गोद लेकर पोषण सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया.
फूड बास्केट में क्या-क्या मिला
टीबी मरीजों को दिए गए फूड बास्केट में एक दर्जन अंडा, एक किलो मसूर दाल, एक किलो चना, एक लीटर खाद्य तेल और सोयाबीन जैसी पौष्टिक सामग्री उपलब्ध कराई गई.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, टीबी के उपचार के दौरान संतुलित और पौष्टिक आहार मरीजों की रिकवरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
एसडीएम बोले- टीबी उन्मूलन में समाज की भागीदारी जरूरी
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि यह सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है और इसमें व्यवसायियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए.
उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ने पोलियो उन्मूलन में सफलता हासिल की, उसी तरह सामूहिक प्रयास से टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है.
50 हजार लोगों की हुई स्क्रीनिंग
अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अब तक करीब 50 हजार लोगों की टीबी जांच के लिए स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 169 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई.
उन्होंने बताया कि सभी संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है और लोगों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ जीवनशैली तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई.
Supaul News: टीबी से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि समय पर जांच, नियमित दवा और संतुलित आहार से टीबी का सफल इलाज संभव है.
मौके पर डॉ. एस. रहमान, डॉ. प्रीतम कुमार, लैब तकनीशियन मो. आशिफ हुसैन, रवि कुमार चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










