सिमराही में गणेश महोत्सव की पांचवीं रात भव्य भक्ति जागरण, पल्लवी झा ने बांधा समां
भक्ति जागरण का उदघाटन करते अतिथि | Prabhat Khabar Network
सिमराही में श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव के पांचवें दिन भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. देवघर की भजन गायिका पल्लवी झा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव का समापन भव्य शोभायात्रा के साथ होगा.
Simrahi Ganesh Mahotsav: सिमराही में चल रहे श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव की पांचवीं रात भक्ति और संगीत से सराबोर रही. पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में शनिवार की रात आयोजित भव्य भक्ति जागरण में देवघर से पहुंचीं चर्चित भजन गायिका पल्लवी झा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में डुबोये रखा.
भक्ति गीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आये. कार्यक्रम शुरू होने के बाद जैसे-जैसे रात बढ़ती गयी, आयोजन स्थल पर लोगों की भीड़ भी बढ़ती गयी. देर रात तक पूरा परिसर गणपति के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा.
गणेश पूजा से शुरू हुआ भक्ति जागरण
भक्ति जागरण की शुरुआत विधिवत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद पल्लवी झा ने एक के बाद एक भक्ति गीत प्रस्तुत किये. उनकी प्रस्तुति पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया.
कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति कार्यक्रम का आनंद लिया. आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव के तहत लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं.
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
भक्ति जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, समाजसेवी सचिन माधोगड़िया, ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल, विवेक जायसवाल, बिंदी गुप्ता समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया. इस मौके पर स्थानीय गणमान्य नागरिकों के साथ समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.
वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि गणेश महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऐसे आयोजनों से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है.
उन्होंने आयोजन समिति को महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं और श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की.
15 सितंबर से चल रहा है छह दिवसीय महोत्सव
पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में श्री गणेश पूजा समिति, नगर पंचायत सिमराही की ओर से 15 सितंबर से छह दिवसीय श्री श्री 108 श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.
महोत्सव की शुरुआत गणेश पूजा और प्राण प्रतिष्ठा के साथ हुई थी. इसके बाद अलग-अलग दिनों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. दूसरे दिन बनारस से आये विद्वानों ने गंगा आरती की प्रस्तुति दी. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणेश लीला का आयोजन हुआ.
लगातार हो रहे कार्यक्रमों के कारण सिमराही और आसपास के इलाके में उत्सवी माहौल बना हुआ है. बड़ी संख्या में लोग महोत्सव स्थल पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं.
Simrahi Ganesh Mahotsav: विसर्जन के साथ होगा महोत्सव का समापन
छह दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन और नगर भ्रमण के साथ होगा. इसके लिए आयोजन समिति की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर भव्य रोड शो निकाले जाने की भी तैयारी है. इसके साथ ही छह दिनों से चल रहे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन हो जायेगा.
महोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना, गंगा आरती, गणेश लीला और भक्ति जागरण जैसे कार्यक्रमों ने स्थानीय लोगों को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का काम किया. अब रविवार को विसर्जन और नगर भ्रमण के साथ सिमराही में गणेश महोत्सव का उत्सवी माहौल अंतिम चरण में पहुंचेगा.


Also Read: अनंत-नीरज की पुरानी सियासी जंग फिर चर्चा में, जानें 10 साल पुरानी सियासी दुश्मनी की पूरी कहानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए