बिहार MLC चुनाव: जन सुराज ने 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, PK ने शिक्षकों से किया ये वादा
जन सुराज ने प्रेस कांफ्रेंस कर उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान
Jan Suraaj MLC Candidates: जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने शिक्षकों के मुद्दों पर सरकार से लड़ाई लड़ने और सातवां वेतनमान लागू कराने का वादा किया है.
Jan Suraaj MLC Candidates: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक, सारण शिक्षक, पटना शिक्षक और कोसी स्नातक सीट के लिए प्रत्याशी तय किए हैं. जन सुराज ने कुल आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है.
इन पांच सीटों पर उतारे उम्मीदवार
जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय को उम्मीदवार बनाया है. दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव मैदान में होंगे.
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद को प्रत्याशी बनाया गया है. पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन को टिकट दिया गया है. पार्टी की ओर से बाकी तीन सीटों के उम्मीदवारों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे.
कार्यकर्ताओं से राय लेकर तय हुए उम्मीदवार
प्रशांत किशोर ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को बुलाकर उनसे राय ली गई. अलग-अलग जगहों पर बैठकें की गईं. संभावित उम्मीदवारों से भी बातचीत हुई.
इसके बाद सभी नामों पर पार्टी की कोर कमेटी में चर्चा की गई. उम्मीदवारों के चयन से पहले स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों से फीडबैक लिया गया.
पटना स्नातक सीट पर नहीं बनी सहमति
पार्टी की प्रेस वार्ता में बताया गया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर अभी उम्मीदवार के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है. इस सीट पर मंथन जारी है.
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि उम्मीदवार चयन को लेकर कोर कमेटी में भी विस्तार से चर्चा हुई. एक उम्मीदवार के नाम पर करीब पांच घंटे तक चर्चा के बाद फैसला लिया गया.
'शिक्षकों की लड़ाई सरकार से चल रही'
प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई पिछले कई वर्षों से सरकार के साथ चल रही है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को जन सुराज से भी अपेक्षा है.
उन्होंने सभी शिक्षक संघों को साथ लाकर संघर्ष समिति बनाने की बात कही. प्रशांत किशोर ने कहा कि सातवां वेतनमान लागू कराया जाएगा. वित्तरहित वित्तपोषित का मामला खत्म करने और शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों में नहीं लगाने की मांग भी उठाई जाएगी.
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मार्च से पहले इन मांगों को पूरा कराने की कोशिश की जाएगी.
'जाति से ऊपर उठकर करें मतदान'
प्रशांत किशोर ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से भी अपील की. उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में लोगों ने मतदान किया, उसी तरह विधान परिषद चुनाव में भी जाति से ऊपर उठकर वोट करें.
उन्होंने स्नातक मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पढ़े-लिखे हैं. प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में की गई 10 हजार नौकरी की घोषणा का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में 10 हजार नौकरी देने का वादा किया गया है, उसी तरह हर क्षेत्र में इसे पूरा किया जाएगा.
आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
जन सुराज की तैयारी पांच सीटों तक सीमित नहीं है. पार्टी बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है. इनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं.
पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से राय ली है. प्रशांत किशोर पहले भी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं.
RJD छह सीटों पर घोषित कर चुकी है उम्मीदवार
वहीं आरजेडी ने भी विधान परिषद चुनाव के लिए छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक से दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है.
कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी बनाया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए