सुपौल में कोसी का भीषण कटाव जारी, जल नल योजना की पानी टंकी नदी में समाई, 15 घर पहले ही हो चुके हैं विलीन

कोसी का कटाव | Prabhat Khabar Network
सुपौल के किशनपुर अंचल में कोसी नदी का कटाव लगातार जारी है. मौजहा पंचायत के पचगछिया गांव में तेज धारा आबादी की ओर बढ़ रही है. शुक्रवार को जल नल योजना की मिनी पानी टंकी और उससे जुड़ा भवन नदी में समा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
Supaul News: सुपौल जिले के किशनपुर अंचल अंतर्गत मौजहा पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित पचगछिया गांव में कोसी नदी का कटाव लगातार जारी है. नदी की तेज धारा आबादी की ओर तेजी से बढ़ रही है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है. शुक्रवार को कटाव की चपेट में सरकारी जल नल योजना के तहत स्थापित मिनी पानी टंकी और उससे जुड़ा भवन नदी में समा गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है.
जल नल योजना की संरचना नदी में समाई
जानकारी के अनुसार जल नल योजना के तहत बनी मिनी पानी टंकी रामविलास कुमार के दरवाजे के समीप स्थापित की गई थी. शुक्रवार को कोसी नदी के तेज कटाव ने पहले जमीन को काटा और कुछ ही देर में पूरी पानी टंकी तथा चदरायुक्त भवन नदी की धारा में समा गया. इस घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत और बढ़ गई है.
आबादी और खेती पर मंडरा रहा खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी के जलस्तर में कमी आते ही कटाव की रफ्तार और तेज हो जाती है. पिछले कई दिनों से नदी लगातार गांव की ओर बढ़ रही है. यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में कई और घर, सरकारी संपत्तियां तथा सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि नदी में समा सकती है.
निरीक्षण हो रहा, लेकिन काम शुरू नहीं
ग्रामीण रामकुमार, रामेश्वर कुमार, कृष्ण कुमार, रघुनाथ शाह, बुलेटिन यादव, सीताराम यादव, उपेंद्र यादव, धनीलाल यादव और जयराम यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी समय-समय पर कटाव स्थल का निरीक्षण तो कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं किया गया है. उनका कहना है कि केवल निरीक्षण से समस्या का समाधान नहीं होगा.
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से अविलंब सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी आबादी बेघर हो सकती है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा.
15 घर पहले ही हो चुके हैं नदी में विलीन
Supaul News: किशनपुर के प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल कमर ने बताया कि अब तक कटाव की चपेट में आकर 15 घर नदी में समा चुके हैं. प्रभावित परिवारों का प्रतिवेदन तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलते ही आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पचगछिया गांव के लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










