बाबूलाल मरांडी की रैली में लगे 'जय श्री राम' के नारे, जामताड़ा में गरमाई सियासत

Updated:
विज्ञापन
विरोध रैली में शामिल बाबूलाल मरांडी और भाजपा के कार्यकर्ता

विरोध रैली में शामिल बाबूलाल मरांडी और भाजपा के कार्यकर्ता

जामताड़ा में भाजपा की आक्रोश रैली के बाद सियासी घमासान मचा है. रैली में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब का 'जय श्रीराम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है.

विज्ञापन

नारायणपुर (जामताड़ा): जामताड़ा की राजनीति में शुक्रवार को आयोजित भाजपा की आक्रोश रैली के बाद नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है. रैली से जुड़ा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

यह रैली जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के बाद हुए कथित तोड़फोड़ मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत आठ लोगों पर दर्ज प्राथमिकी के विरोध में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में निकाली गई थी. व्यवहार न्यायालय के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.

रैली में लगे "जय श्रीराम" और "भारत माता की जय" के नारे

सोशल मीडिया पर वायरल कथित वीडियो में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब सिर पर इस्लामी टोपी पहने "जय श्रीराम" और "भारत माता की जय" के नारे लगाते हुए तथा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं.

सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों ने लाइव आकर इस पर नाराजगी जताई है. एक अन्य कथित वायरल वीडियो में कुछ लोग अब्दुल रकीब से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा.

वायरल वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि किसी राजनीतिक दल से जुड़ना अलग बात है, लेकिन मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति द्वारा इस तरह की नारेबाजी उचित नहीं है. वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे पूरी तरह राजनीतिक मामला बताते हुए अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

राजनीतिक गलियारों में हलचल

इस घटनाक्रम के बाद जामताड़ा के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. कोई इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देख रहा है, तो कोई इसे संबंधित नेता की व्यक्तिगत अभिव्यक्ति और पार्टी की विचारधारा का हिस्सा बता रहा है.

फिलहाल इस मामले में अब्दुल रकीब की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वह करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह भिठरा गांव के निवासी हैं.

ये भी पढ़ें...

गर्भ में ही जेनेटिक बीमारियों की होगी पहचान, RIMS की बड़ी उपलब्धि, अगले एक साल तक जांच फ्री

धनबाद: असर्फी हॉस्पिटल पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3.27 करोड़ जुर्माना, अवैध निर्माण हटाने का आदेश



विज्ञापन
Nikesh Kumar

लेखक के बारे में

By Nikesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola