सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘आरुण्य-2026’ का तीसरा दिन, छात्रों को अनुशासन, संस्कृति और करियर विकास का मिला मार्गदर्शन

सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज
सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज के 'आरुण्य-2026' इंडक्शन प्रोग्राम में नवप्रवेशित छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, भारतीय संस्कृति, योग और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें जिम्मेदार इंजीनियर बनाना है.
Supaul News: सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित तीन सप्ताह के स्टूडेंट इंडक्शन-कम-फाउंडेशन प्रोग्राम ‘आरुण्य-2026’ के तीसरे दिन नवप्रवेशित छात्रों को केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, भारतीय संस्कृति, योग, मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित और तकनीकी रूप से सक्षम इंजीनियर बनने के लिए तैयार करना है.
छात्र कल्याण और छात्रवृत्ति योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डीन स्टूडेंट वेलफेयर पंकज कुमार सिंह ने छात्रों को छात्रवृत्ति, छात्र सहायता सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं और कॉलेज की विभिन्न अकादमिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी.
उन्होंने छात्रों को उपलब्ध संस्थागत सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
अनुशासन और जिम्मेदार छात्र जीवन पर विशेष जोर
इसके बाद प्रो इंचार्ज नवीन कुमार ने परिसर अनुशासन, संस्थान के नियम, आचार संहिता और छात्रों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की.
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ अनुशासित और जिम्मेदार छात्र जीवन सफलता की सबसे मजबूत नींव है.
भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल ने भारतीय कला, संस्कृति और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर प्रेरक व्याख्यान दिया.
उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों के समन्वय को आवश्यक बताते हुए छात्रों को अपनी प्रतिभा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया.
छात्रावास जीवन के नियम भी समझाए गए
मुख्य वार्डन शादाब आजम सिद्दीकी, नंदन कुमार राजू, आशीष आनंद और रौशनी सुमन ने छात्रावास अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, समय पालन और हॉस्टल जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी.
सिविल इंजीनियरिंग विभाग का परिचय
दोपहर के सत्र में सिविल इंजीनियरिंग विभाग का परिचयात्मक कार्यक्रम आयोजित हुआ.
विभागाध्यक्ष सौरभ कुमार निराला और विभाग के अन्य संकाय सदस्यों ने छात्रों को विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, रोजगार और उच्च शिक्षा की संभावनाओं तथा विभागीय उपलब्धियों से अवगत कराया.
कंप्यूटर साइंस विभाग में उभरती तकनीकों की जानकारी
इसके बाद कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के परिचयात्मक सत्र में विभागाध्यक्ष गोपाल कृष्ण और अन्य संकाय सदस्यों ने छात्रों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, पाठ्यक्रम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी.
विज्ञान और इंजीनियरिंग से भविष्य निर्माण का संदेश
दिन के अंतिम शैक्षणिक सत्र में डॉ. विकास कुमार सिंह ने ‘विज्ञान और इंजीनियरिंग: मिलकर भविष्य का निर्माण’ विषय पर व्याख्यान दिया.
उन्होंने बताया कि विज्ञान और इंजीनियरिंग का समन्वय नवाचार, अनुसंधान, सतत विकास और आधुनिक तकनीकी समाधान का आधार है.
योग और मानसिक स्वास्थ्य पर संवाद
कार्यक्रम के समापन सत्र में योग टीम और प्रशिक्षकों के साथ संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित हुआ.
इस दौरान छात्रों को योग, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई.
Supaul News: प्राचार्य बोले- उद्देश्य केवल पढ़ाई नहीं, समग्र व्यक्तित्व विकास
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एएन मिश्रा ने कहा कि ‘आरुण्य-2026’ का उद्देश्य केवल शैक्षणिक जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को अनुशासित, संस्कारित, तकनीकी रूप से दक्ष और सामाजिक रूप से जिम्मेदार इंजीनियर के रूप में विकसित करना है.
उन्होंने छात्रों से इंडक्शन कार्यक्रम के प्रत्येक सत्र में सक्रिय भागीदारी करने और कॉलेज द्वारा उपलब्ध सभी अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










