सिंधू, श्रीकांत और प्रणय जापान ओपन के दूसरे दौर में

तोक्यो : भारत की चोटी की बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को जापान ओपन के महिला एकल के पहले दौर में बेहद मशक्कत करनी पड़ी जबकि किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने आसान जीत के साथ पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनायी. तीसरी वरीय सिंधू को स्थानीय खिलाड़ी गैरवरीय सयाका ताकाहाशी पर 21-17 7-21 […]
तोक्यो : भारत की चोटी की बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को जापान ओपन के महिला एकल के पहले दौर में बेहद मशक्कत करनी पड़ी जबकि किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने आसान जीत के साथ पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनायी.
तीसरी वरीय सिंधू को स्थानीय खिलाड़ी गैरवरीय सयाका ताकाहाशी पर 21-17 7-21 21-13 की जीत के दौरान 53 मिनट तक जूझना पड़ा. सिंधू को अगले दौर में चीन की फांग्जी गाओ से भिड़ना होगा जिन्होंने भारत की ही जक्का वैष्णवी रेड्डी को 21-10 21-8 से हराया. एशियाई खेलों में एतिहासिक रजत पदक के दौरान एक बार फिर फाइनल में शिकस्त झेलने वाली सिंधू यहां फाइनल में हारने के क्रम को तोड़ना चाहेंगी.
सिंधू को इस साल राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं के फाइनल में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा था. पुरुष एकल में प्रणय ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को पहले दौर में 21-18 21-17 से हराया जबकि श्रीकांत ने चीन के युशियांग हुआंग को 21-13 21-15 से शिकस्त दी.
प्रणय को अगले दौर में इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका से भिड़ना है जबकि श्रीकांत हांगकांग के विन्सेंट वोंग विंग की के खिलाफ खेलेंगे. श्रीकांत और प्रणय दोनों को एशियाई खेलों के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था. भारत के समीर वर्मा को हालांकि कोरिया के ली डोंग क्युन के खिलाफ 18-21 22-20 10-21 से हार का सामना करना पड़ा.
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी पहले दौर में हार के साथ बाहर हो गई जबकि प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी ने अगले दौर में जगह बनायी.
सात्विकसाईराज और अश्विनी को यिल्यू वैंग और डोंगपिंग हुआंग की चीन की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ 13-21 17-21 से हार झेलनी पड़ी जबकि चोपड़ा और रेड्डी ने मैथ्यू फोगार्टी और इसाबेल झोंग की मलेशिया की जोड़ी पर 21-9 21-6 की जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




