#CWG2018 : भारतीय महिला खिलाडियों का गोल्‍डन अभियान जारी, 7 गोल्‍ड की मदद से भारत को पहुंचाया चौथे स्‍थान पर

Updated at : 08 Apr 2018 8:24 PM (IST)
विज्ञापन
#CWG2018 : भारतीय महिला खिलाडियों का गोल्‍डन अभियान जारी, 7 गोल्‍ड की मदद से भारत को पहुंचाया चौथे स्‍थान पर

गोल्ड कोस्ट : भारोत्तोलन से लेकर मुक्केबाजी तक, टेबल टेनिस से हॉकी तक महिला खिलाड़ियों ने भारत के लिये 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखा. जिसमें 16 वर्षीय मनु भाकर ने रिकार्ड प्रदर्शन से निशानेबाजी का स्वर्ण पदक जीता जबकि टेबल टेनिस टीम ने गत चैम्पियन सिंगापुर को हराकर पहली बार […]

विज्ञापन

गोल्ड कोस्ट : भारोत्तोलन से लेकर मुक्केबाजी तक, टेबल टेनिस से हॉकी तक महिला खिलाड़ियों ने भारत के लिये 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन शानदार प्रदर्शन जारी रखा.

जिसमें 16 वर्षीय मनु भाकर ने रिकार्ड प्रदर्शन से निशानेबाजी का स्वर्ण पदक जीता जबकि टेबल टेनिस टीम ने गत चैम्पियन सिंगापुर को हराकर पहली बार प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया. वहीं भारोत्तोलकों का सुनहरा अभियान जारी रहा जिसमें पूनम यादव ने 69 किग्रा में देश को इस स्पर्धा का पांचवां स्वर्ण दिलाया.

मुक्केबाजी में 35 वर्षीय एमसी मैरीकाम ने पदक दौर में प्रवेश किया जो उनके पहले और शायद अंतिम राष्ट्रमंडल खेल होंगे. भारत पदक तालिका में सात स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक से चौथे स्थान पर है. मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 240.9 का स्कोर करके राष्ट्रमंडल खेलों के रिकार्ड से स्वर्ण पदक जीता जबकि हीना सिद्धू ने शानदार वापसी करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. दूसरे स्थान पर रही उनकी सीनियर हमवतन निशानेबाज हीना का स्कोर 234 था. वह हीना से 6.9 अंक आगे रहीं.

मनु की तरह ही अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे रवि कुमार (224.1) ने शूट ऑफ के बाद पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता भारोत्तोलन में पूनम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 222 किलो ( 110 और 122 किलो ) वजन उठाया और 2014 चरण में जीते अपने कांस्य पदक में सुधार किया.

पुरुष हॉकी में अनुभवी एसवी सुनील के 59वें मिनट में दागे गोल की बदौलत भारत ने पूल बी मैच में वेल्स की कड़ी चुनौती से पार पाते हुए 4-3 से जीत दर्ज की. रुपिंदर पाल सिंह की ड्रैगफ्लिक को वेल्स के गोलकीपर ने रोक दिया लेकिन सुनील ने रिबाउंड पर इसके गोल के भीतर पहुंचा दिया. पाकिस्तान के खिलाफ मैच के विपरीत इस मैच में भारतीय डिफेंस ने अंतिम लम्हों में धैर्य बरकार रखते हुए टीम को पूरे तीन अंक दिलाए.

भारत की ओर से अन्य गोल दिलप्रीत सिंह (16वें मिनट), मनदीप सिंह (28वें मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (57वें मिनट) ने किये. वेल्स के लिए गैरेथ फरलोंग ने 17वें, 45वें और 58वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक बनाते हुए अपनी टीम को पिछड़ने के बाद तीन बार बराबरी दिलाई. टीम को चार पेनल्टी कार्नर मिले जिसमें से तीन को गैरेथ ने गोल में बदला.महिला हॉकी टीम ने भी अपने पूल के तीसरे मैच में शानदार जज्बा दिखाते हुए ओलंपिक चैम्पियन इंग्लैंड पर 2-1 से शानदार जीत दर्ज की जिससे टीम सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब पहुंच गयी है. शाम के सत्र में मनिका बत्रा ने एकल मुकाबलों में अपनी शानदार जीत के साथ भारत को महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा का स्वर्ण दिला दिया.

भारत ने फाइनल में चार बार के स्वर्ण पदक विजेता सिंगापुर को 3-1 से हराकर ऐतहासिक स्वर्ण पदक जीता. बैडमिंटन कोर्ट में साइना नेहवाल के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने मिश्रित टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हरा दिया. अब शीर्ष वरीय टीम का सामना कल फाइनल में मलेशिया से होगा.भारोत्तोलन में विकास ठाकुर ने पुरुषों के 94 किलो वर्ग में कांस्य जीता. विकास ने 351 किलो ( 159 और 192 किलो ) वजन उठाया. पपुआ न्यू गिनी के स्टीवन कारी ने क्लीन एंड जर्क में राष्ट्रमंडल खेलों के रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता. इससे भारत ने भारोत्तोलन में कुल पांच स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हासिल कर लिये हैं.

मुक्केबाजी में मैरीकाम ने स्काटलैंड की मेगान गोर्डन को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया जिससे भारतीय मुक्केबाजी दल ने अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक सुनिश्चित किया. विश्व कांस्य पदकधारी विकास कृष्ण (75 किग्रा) ने क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी.

भारतीय एथलीटों ने ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धा के शुरुआती दिन अच्छा प्रदर्शन किया, जिसमें तेजिंदर सिंह ने गोला फेंक फाइनल्स में जबकि मोहम्मद अनास याहिया ने पुरुष 400 मीटर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. गोला फेंक स्पर्धा का फाइनल्स कल होगा. इससे पहले सुबह पैदल चाल एथलीट खुशबीर कौर और मनीष सिंह 20 किमी रेस में क्रमश: चौथे और छठे स्थान पर रहे जिसमें ऑस्ट्रेलियाई डेन बर्ड स्मिथ ने पुरुष रेस में राष्ट्रमंडल खेलों का रिकार्ड तोड़ा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola