श्रीकांत, सिंधू को एशिया चैंपियनशिप में आसान ड्रॉ

Published at :04 Apr 2018 3:54 PM (IST)
विज्ञापन
श्रीकांत, सिंधू को एशिया चैंपियनशिप में आसान ड्रॉ

नयी दिल्ली : ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू और शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत को चीन के वुहान में 24 से 29 अप्रैल तक होने वाली बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप के लिए अनुकूल ड्रॉ मिला है. श्रीकांत और सिंधू सहित भारतीय टीम फिलहाल राष्ट्रमंडल खेलों के लिए फिलहाल गोल्ड कोस्ट में है जिसकी शुरुआत गुरुवार को […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू और शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत को चीन के वुहान में 24 से 29 अप्रैल तक होने वाली बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप के लिए अनुकूल ड्रॉ मिला है.

श्रीकांत और सिंधू सहित भारतीय टीम फिलहाल राष्ट्रमंडल खेलों के लिए फिलहाल गोल्ड कोस्ट में है जिसकी शुरुआत गुरुवार को मिश्रित टीम स्पर्धा के साथ होगी. जकार्ता में मंगलवार को हुए ड्रॉ के अनुसार सिंधू को पहले दौर में ताइवान की पाइ यू पो का सामना करना है जबकि पछले साल चार सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले श्रीकांत अपने अभियान की शुरुआत जापान के केंटो निशिमोतो के खिलाफ करेंगे.

विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली हैदराबाद की 22 साल की सिंधू को दूसरे दौर में चीन की चेन शियाओशिन से भिड़ना पड़ सकता है. सिंधू अगर पहले दो दौर की बाधा पार कर लेती है तो उनके सातवीं वरीय कोरिया की सुंग जी ह्युन से भिड़ने की उम्मीद है.

पच्चीस साल के श्रीकांत का सामना दूसरे दौर में हांगकांग के वोंग विंग विन्सेंट से हो सकता है जबकि क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत तीन बार के ओलंपिक रजत पदक विजेता ली चोंग वेई से हो सकती है. दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी एचएस प्रणय क्वालीफायर के साथ अभियान शुरू करेंगे लेकिन दूसरे दौर में उनका सामना लिन डैन से हो सकता है.

भारतीय खिलाड़ी ने इस दिग्गज चीनी खिलाड़ी को 2014 फ्रेंच ओपन में हराया था. अन्य पुरुष एकल खिलाड़ियों में बी साई प्रणीत पहले दौर में थाईलैंड के सुपान्यु अविहिंसेनोन के खिलाफ उतरेंगे जबकि समीर वर्मा का सामना सातवें वरीय और इंडिया ओपन के उप विजेता चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन से होगा। महिला एकल में साइना नेहवाल अपना अभियान क्वालीफायर के खिलाफ शुरू करेंगी.

वह दूसरे दौर में हालांकि विश्व चैंपियन और पांचवीं वरीय जापान की नोजोमी ओकुहारा से भिड़ सकती हैं. पुरुष युगल में भारत का प्रतिनिधित्व अर्जुन एमआर और रामचंद्रन श्लोक के अलावा मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी करेगी.

महिला युगल में जक्कमपुडी मेघना और पूर्विश एस राम तथा अपर्णा बालन और श्रुति केपी चुनौती पेश करेंगे. मिश्रित युगल में वेंकट गौरव प्रसाद और जूही देवगन उलटफेर करने के इरादे से उतरेंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola