ePaper

ईशान किशन ने मानसिक थकान के कारण दक्षिण अफ्रीका टेस्ट से ली छुट्टी, रिपोर्ट में किया गया दावा

Updated at : 23 Dec 2023 1:08 PM (IST)
विज्ञापन
ईशान किशन ने मानसिक थकान के कारण दक्षिण अफ्रीका टेस्ट से ली छुट्टी, रिपोर्ट में किया गया दावा

ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार से शुरू होने वाले टेस्ट सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है. उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया. हालांकि एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि ईशान ने मानसिक थकान के कारण छुट्टी ली है.

विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारत ने जो टीम की घोषणा की थी, उनमें से तीन खिलाड़ी अब टीम का हिस्सा नहीं है. मंगलवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और मोहम्मद शमी नजर नहीं आएंगे. गायकवाड़ को उनकी उंगली की चोट के कारण सीरीज से बाहर होना पड़ा है. जबकि मोहम्मद शमी अपने टखने की चोट के कारण मैदान पर वापसी नहीं कर पा रहे हैं. एक और नाम ईशान किशन का है, जिन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर खुद को सीरीज से अलग कर लिया है. बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में किशन के व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख नहीं किया है. ईशान की अनुपस्थिति के पीछे का असली कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है.

BCCI ने जारी किया बयान

बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते की शुरुआत में एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि ईशान किशन ने प्रतियोगिता से बाहर होने के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया था. इसलिए चयनकर्ताओं ने उनके प्रतिस्थापन के रूप में केएस भरत को टीम में शामिल किया. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक लगातार यात्रा और खेल के बीच पर्याप्त समय की कमी के कारण मानसिक थकान होने की वजह से ईशान ने ब्रेक लेने का फैसला किया है.

Also Read: ‘हम खिलाड़ियों को सेलेक्ट नहीं रिजेक्ट करते हैं’, ईशान किशन को ड्रॉप करने पर भड़के अजय जडेजा

एक साल से लगातार खेल रहे हैं ईशान

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज पिछले एक साल से लगातार खेलों के लिए यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने क्रिकेट से ब्रेक के लिए पिछले हफ्ते भारतीय टीम प्रबंधन से अनुरोध किया था. चयनकर्ताओं के साथ भी इस बारे में चर्चा की गई थी. टीम प्रबंधन मान गई और उन्हें टेस्ट सीरीज से ब्रेक दे दिया गया. ईशान अब अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में वापसी कर सकते हैं.

यह साल ईशान के लिए कुछ खास नहीं रहा

ईशान किशन इस साल की शुरुआत से ही काफी व्यस्त रहे हैं. लेकिन उनका प्रदर्शन इस साल कुछ खास नहीं रहा है. वह फरवरी-मार्च में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे. लेकिन उन्होंने केवल बैकअप का काम किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में सिर्फ एक मैच खेला. आईपीएल 2023 सीजन के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए उन्होंने इंग्लैंड की यात्रा की, लेकिन मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे.

Also Read: जब ईशान किशन भूल गए अपना नाम, उम्र बताया 82 साल, जानें पूरा मामला

ईशान ने खेले वर्ल्ड कप के केवल दो मैच

एशिया कप से पहले ईशान किशन को वेस्टइंडीज दौरे पर खेलने का मौका मिला. वहां उन्होंने दो टेस्ट, तीन वनडे और इतने ही टी-20 मैच खेले. किशन इस साल वनडे वर्ल्ड कप टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने केवल दो मैच खेले. बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने वर्ल्ड कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल खेले.

टेस्ट में सीनियर खिलाड़ियों की वापसी

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम सितारों से सजी होगी. रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों की वापसी हुई है. इनकी गैरमौजूदगी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज जीता है. टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर रहा. बीसीसीआई ने टी20 के लिए सूर्यकुमार यादव और वनडे के लिए केएल राहुल को टीम का कप्तान बनाया था.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola