पाकिस्तान की जीत पर आकाश चोपड़ा ने फेरा पानी, PM शहबाज शरीफ को दिखाया आईना, बता दी असली हकीकत
Aakash Chopra on Shehbaz Sharif: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज जारी है. पहला मैच पाक टीम ने जीत लिया. लेकिन इस जीत के बाद भी पाकिस्तान की फजीहत हो रही है. पाक टीम के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने टीम की जीत पर एक सोशल मीडिया पोस्ट किया जिसपर पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने रिप्लाई किया है. आईए जानते हैं आखिर आकाश चोपड़ा ने क्या लिखा.
Highlights
Aakash Chopra on Shehbaz Sharif: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान के दौरे पर है. तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया. बस फिर क्या था, पूरे पाकिस्तान में जश्न मनने लगा. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) भी खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर टीम की तारीफों के पुल बांधने लगे. लेकिन इसी बीच भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसने पाकिस्तानी जश्न की हवा निकाल दी. आकाश चोपड़ा ने एक ही ट्वीट से पाकिस्तान को आईना दिखा दिया कि अभी ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है.
PM शरीफ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा
सीरीज के पहले मैच में मिली जीत के बाद पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा. उन्होंने टीम पाकिस्तान को बधाई देते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह प्रदर्शन शानदार था. शरीफ यहीं नहीं रुके, उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी पूरी टीम की भी जमकर तारीफ की. पीएम ने लिखा कि नकवी ने पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए बहुत मेहनत की है और यह देश के लिए गर्व का पल है. उनकी बातों से ऐसा लग रहा था मानो पाकिस्तान ने कोई बहुत बड़ा किला फतह कर लिया हो.
आकाश चोपड़ा ने खोल दी ‘B टीम’ की पोल
जब पीएम शरीफ का यह पोस्ट वायरल हुआ, तो भारतीय पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और दूध का दूध, पानी का पानी कर दिया. आकाश ने बड़े ही सलीके से लेकिन कड़े शब्दों में लिखा कि पूरी इज्जत के साथ कहना चाहूंगा कि यह ऑस्ट्रेलिया की ‘बी टीम’ है.
उन्होंने याद दिलाया कि ऑस्ट्रेलिया के कई मुख्य और बड़े खिलाड़ी तो इस सीरीज में खेल ही नहीं रहे हैं. यह एक बाइलेटरल सीरीज है, कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं. आकाश ने यह भी कहा कि 170 रन के लक्ष्य वाले मैच में 20-22 रन की जीत को ‘जबरदस्त’ नहीं कहा जा सकता. आकाश चोपड़ा के इस ‘मास्टर स्ट्रोक’ ने पाकिस्तानी फैंस और पीएम के जश्न को फीका कर दिया है और बता दिया कि हकीकत क्या है.
2650 दिन बाद मिली जीत, फिर इतना शोर क्यों?
हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान की टीम ने पूरे 2650 दिन के बाद किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया है. यह आंकड़ा ही बताने के लिए काफी है कि वर्ल्ड क्रिकेट में पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने कहां खड़ी होती है. इतने सालों बाद मिली एक जीत पर इतना शोर मचाना समझ से परे है. यह जीत उनके लिए खुशी की बात हो सकती है, लेकिन इसे वर्ल्ड कप जैसी जीत मान लेना जल्दबाजी है. भारतीय फैंस भी सोशल मीडिया पर आकाश चोपड़ा की इस बात का समर्थन कर रहे हैं कि सामने वाली टीम कमजोर थी, इसलिए जीत मिल गई.
असली इम्तिहान तो वर्ल्ड कप में होगा
पाकिस्तानी टीम अभी इस जीत के गुमान में रह सकती है, लेकिन असली मुकाबला तो तब होगा जब टी20 वर्ल्ड कप में उनका सामना दुनिया की मजबूत टीमों से होगा. ऑस्ट्रेलिया की मुख्य टीम जब मैदान में उतरेगी, तब पता चलेगा कि पाकिस्तान की तैयारी कितनी पुख्ता है. भारत के नजरिए से देखें तो यह सिर्फ एक मैच था और आकाश चोपड़ा ने सही समय पर पाकिस्तान को याद दिला दिया है कि अभी बहुत लंबा सफर तय करना बाकी है. सोशल मीडिया पर आकाश का यह अंदाज भारतीय फैंस को खूब पसंद आ रहा है और वे इसे पाकिस्तानी टीम के लिए एक ‘रियलिटी चेक’ मान रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
Sanju के घर में ‘बॉडीगार्ड’ बने Suryakumar Yadav, वीडियो देख हंसी नहीं रोक पाएंगे आप
विराट कोहली का इंस्टाग्राम वापस आया, अकाउंट अचानक गायब हुआ था, फैंस बोले- आज तो डरा ही दिया आपने
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










