#INDvsAUS : सिडनी टेस्‍ट में इतिहास रचने उतरेगा भारत, मैच से पहले टीम को झटका - अश्विन और इशांत बाहर

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 02 Jan 2019 3:55 PM

विज्ञापन

सिडनी : इतिहास रचने की कवायद में जुटी भारतीय टीम को अंतिम लम्हों में चोटों के कारण झटका लगा, लेकिन इसके बावजूद विराट कोहली की टीम गुरुवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां शुरू हो रहे चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी. भारत चार मैचों की शृंखला में 2-1 से […]

विज्ञापन

सिडनी : इतिहास रचने की कवायद में जुटी भारतीय टीम को अंतिम लम्हों में चोटों के कारण झटका लगा, लेकिन इसके बावजूद विराट कोहली की टीम गुरुवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां शुरू हो रहे चौथे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी.

भारत चार मैचों की शृंखला में 2-1 से आगे चल रहा है और टीम के शीर्ष स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और सीनियर तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के चोटिल होने के बावजूद मेहमान टीम को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में जीत के साथ शृंखला 3-1 से अपने नाम करने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.

इशांत को भारत की अंतिम 13 सदस्यीय टीम में भी जगह नहीं मिली है. ऑस्ट्रेलिया 1947-48 से भारत की मेजबानी कर रहा है. टीम इंडिया ने इस दौरान 1980-81, 1985-86 और 2003-04 में शृंखला ड्रॉ कराई जबकि 1967-68, 1977-78, 1991-92, 1999-2000, 2007-08, 2011-12 और 2014-15 में उसे हार का सामना करना पड़ा.

इसे भी पढ़ें…

INDvsAUS : अश्विन के चोट से कप्तान विराट कोहली चिंति‍त, कही ये बात

विराट कोहली भारत के एकमात्र कप्तान हैं जो ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अंतिम टेस्ट के लिए उतरते हुए शृंखला में बढ़त बनाए हुए हैं. ऑस्ट्रेलिया में शृंखला जीतने से कप्तान के रूप में कोहली का रुतबा बढ़ेगा फिर भले ही मेहमान टीम का बल्लेबाजी क्रम पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर के प्रतिबंध के कारण कमजोर हुआ है.

कोहली को हालांकि अपने टीम संयोजन को लेकर काफी माथापच्ची करनी होगी, क्योंकि कप्तान ने खुलासा किया है कि अंतिम 13 में जगह दिए जाने के बावजूद सीनियर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अपनी चोट से पूरी तरह नहीं उबरे हैं. सिडनी में पारंपरिक रूप से स्पिनरों को मदद मिलती रही है और भारत को मलाल होगा कि अश्विन एडीलेड में पहले टेस्ट के दौरान पेट की मांसपेशियों में आए खिंचाव से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं.

इसे भी पढ़ें…

पाकिस्तान के पूर्व दागी कप्तान सलमान बट का रास्ता इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने रोका

बायीं पसलियों में परेशानी के कारण इशांत भी टीम से बाहर हो गए हैं, क्योंकि टीम प्रबंधन उन्हें इस मुकाबले में खिलाकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता. अश्विन चोट के कारण मौजूदा दौरे पर पर्थ में दूसरे टेस्ट और मेलबर्न में तीसरे टेस्ट में नहीं खेले पाए थे. उन्हें इंग्लैंड दौरे के दौरान भी ग्रोइन की चोट का सामना करना पड़ा था.

कोहली ने कहा, यह दुर्भाग्यशाली है कि पिछले दो विदेशी दौरों पर उसे लगभग एक जैसी दो चोटों का सामना करना पड़ा. आधिकारिक घोषणा के बावजूद कोहली ने कहा, निश्चित तौर पर वह काफी महत्वपूर्ण है. टेस्ट क्रिकेट में वह टीम का महत्वपूर्ण सदस्य है और हम चाहते हैं कि वह लंबे समय तक शत प्रतिशत फिट रहे जिससे कि टेस्ट प्रारूप में वापसी कर सके. वह काफी निराश है कि समय पर नहीं उबर पाया.

भारत ने इस बीच यूटर्न लेते हुए कोहली की मैच पूर्व प्रेस कांफ्रेंस से पहले अश्विन के बाहर होने के बावजूद इस ऑफ स्पिनर को चौथे टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया है. उनकी फिटनेस और मैच के लिए उपलब्धता पर अंतिम फैसला टास के समय किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें…

भारत और पाकिस्तान के टेस्ट टीम की तुलना नहीं हो सकती : सलमान बट

भारत ने बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी कवर के तौर पर टीम में जगह दी है. तेज गेंदबाजों में उमेश यादव को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के साथ टीम में जगह दी गई है. रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में खराब फार्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की टीम में वापसी हो सकती है. वह मेलबर्न में तीसरे टेस्ट में नहीं खेले थे जिसमें हनुमा विहारी ने पारी का आगाज किया था.

विहारी को ऐसे में अपने छठे नंबर पर खेलने का मौका मिल सकता है. वह इसके अलावा अतिरिक्त स्पिनर की भूमिका भी निभा सकते हैं. मैच से पूर्व नेट पर गेंद और बल्ले से जमकर पसीना बहाने के बावजूद आलराउंडर हार्दिक पांड्या को मौका मिलने की संभावना नहीं है.

भारत ने 13 सदस्यों की घोषणा करके ऑस्ट्रेलिया के लिए भ्रम की स्थिति बनाई है और मेजबान टीम ने परंपरा से हटते हुए शृंखला में पहली बार मैच से पहले अपनी अंतिम एकादश की घोषणा नहीं की. कप्तान टिम पेन ने कहा कि वे टीम की घोषणा करने के लिए टास का इंतजार करेंगे.

मेजबान टीम देखना चाहती है कि भारत दो विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतरता है या नहीं. भारत को शृंखला जीतने के लिए सिडनी में अंतिम टेस्ट को कम से कम ड्रॉ कराना होगा. यहां हार के बावजूद भारत बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को बरकार रखेगा और कोहली गांगुली के अलावा ऑस्ट्रेलिया में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय कप्तान बनेंगे.

सिडनी में जीत से कोहली विदेशों में जीत के मामले में गांगुली के रिकार्ड को तोड़ देंगे. गांगुली की अगुआई में भारत ने विदेश में 28 टेस्ट में 11 जीत दर्ज की हैं. कोहली ने 24 टेस्ट में इसकी बराबरी की. ऑस्ट्रेलियाई टीम में मिशेल मार्श की जगह पीटर हैंड्सकोंब की टीम में वापसी हो सकती है.

मार्श की मेलबर्न में खराब शाट चयन के लिए आलोचना हुई थी. सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच और लेग स्पिन आलराउंडर मार्नस लाबुशेन में से किसी एक को खेलने का मौका मिलेगा. अगर फिंच बाहर होते हैं तो उस्मान ख्वाजा पारी का आगाज मार्कस हैरिस के साथ करेंगे और लाबुशेन को मध्क्रम में जगह मिलेगी.

अब देखना यह होगा कि इससे ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी क्रम की मुश्किलें हल होती हैं या नहीं. मौजूदा टेस्ट शृंखला में अब तक ऑस्ट्रेलिया का कोई बल्लेबाज शतक नहीं जड़ पाया है.

टीमें इस प्रकार हैं : भारत (अंतिम 13): विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन में से.

ऑस्ट्रेलिया: टिम पेन, मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शान मार्श, मिशेल मार्श, नाथन लियोन, मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मार्नस लाबुशेन, पीटर हैंड्सकोंब और पीटर सिडल में से। समय: मैच भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजे शुरू होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola