सुबह 4 बजे उठकर करता हूं अभ्यास... IPL में मुश्किल दौर के बारे में भी बोले साई किशोर
साई किशोर (फोटो—एक्स)
आईपीएल 2025 में 19 विकेट लेने वाले साई किशोर का 2026 सीजन चोटों और सीमित मौकों से भरा रहा. इसके बावजूद, उन्होंने हार नहीं मानी और कोबे ब्रायंट से प्रेरणा लेकर वापसी की.
Sai Kishore: आईपीएल 2025 में 19 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरने वाले साई किशोर के लिए 2026 सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. चोट, सर्जरी और टीम में सीमित मौके मिलने के बावजूद तमिलनाडु के इस स्पिनर ने हार नहीं मानी. उन्होंने बताया कि वे सुबह 4 बजे ही उठ जाते है और प्रैक्टिस करने में जुट जाते है. इसके साथ ही उन्होंने अपने संघर्ष, वापसी और मानसिक मजबूती को लेकर दिल छू लेने वाली बातें भी साझा की हैं.
चुनौतीपूर्ण रहा 2026 का सीजन
IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 विकेट लेने वाले साई किशोर का 2026 सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा. उन्हें सिर्फ तीन मैच खेलने का मौका मिला और वह केवल एक विकेट ही हासिल कर सके. हालांकि, बाएं हाथ के स्पिनर का मानना है कि यह दौर भी उनकी क्रिकेट यात्रा का एक अहम हिस्सा है. साई किशोर ने बताया कि अगस्त 2025 में चेन्नई के एक क्लब मैच के दौरान उनकी गेंदबाजी वाली उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद सर्जरी करानी पड़ी.
इसके बाद साई किशोर ने वापसी
नवंबर में घरेलू क्रिकेट से की, लेकिन अब उन्हें लगता है कि उन्होंने जल्दबाजी में वापसी कर दी थी. इसपर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'आज पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि मुझे वापसी के लिए 3-4 सप्ताह और इंतजार करना चाहिए था. चयन की दौड़ में बने रहने की जल्दबाजी थी, इसलिए पूरी तरह फिट हुए बिना मैदान पर लौट आया.'
मानसिक रूप से और मजबूत बनाया
29 वर्षीय स्पिनर ने बताया कि खराब दौर ने उन्हें मानसिक रूप से और मजबूत बनाया. उन्होंने कहा, 'मैं इन दिनों सुबह 4 बजे उठकर अकेले अभ्यास करता हूं. उस समय सिर्फ ग्राउंड्समैन होता है. लेकिन मुझे भरोसा है कि सूरज आखिरकार निकलता ही है.'
कोबे ब्रायंट से ली प्रेरणा
साई किशोर ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने NBA दिग्गज कोबे ब्रायंट की वापसी की कहानी से प्रेरणा ली. उनका कहना है कि मुश्किल समय में खुद पर विश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी होता है. उन्होंने कहा, 'मेरे लिए अब सफलता का मतलब सिर्फ विकेट या चयन नहीं है. असली सफलता मानसिक शांति, संतुष्टि और ईमानदारी से मेहनत करने में है. अगर मैं एक मैच भी खेलूं तो उसे मैच जिताने के इरादे से खेलना चाहता हूं.'
Also Read: 'लकी चार्म' बना नन्हा बेटा, राशिद खान ने द हंड्रेड लीग के मैच में लिए 5 विकेट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










