'लकी चार्म' बना नन्हा बेटा, राशिद खान ने द हंड्रेड लीग के मैच में लिए 5 विकेट

Updated:
विज्ञापन
 राशिद खान (फोटो—एक्स)

राशिद खान (फोटो—एक्स)

राशिद खान ने द हंड्रेड में 5 विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई. मैच जीतने के बाद उन्होंने अपने बेटे अजलान को 'लकी चार्म' बताते हुए एक भावुक संदेश साझा किया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया.

विज्ञापन

Rashid Khan with Son: राशिद खान ने द हंड्रेड 2026 में गेंद से ऐसा जादू चलाया कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पूरी बल्लेबाजी बिखर गई. लेकिन इस मुकाबले की सबसे खूबसूरत तस्वीर उनकी पांच विकेटों की नहीं, बल्कि मैदान पर मौजूद उनके नन्हे बेटे की रही. मैच जीतने के बाद राशिद ने अपने बेटे को 'लकी चार्म' बताते हुए ऐसा भावुक संदेश लिखा, जिसने फैंस का दिल जीत लिया.

राशिद ने अपने बेटे को दिया श्रेय

View on Instagram

इस शानदार प्रदर्शन के लिए राशिद खान को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. हालांकि मुकाबले का सबसे यादगार पल पुरस्कार समारोह के बाद देखने को मिला. राशिद पहली बार अपने छोटे बेटे अजलान (AZLAN) को स्टेडियम लेकर आए थे. मैच के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'यह दिन मैं हमेशा याद रखूंगा. मेरा छोटा बेटा पहली बार मुझे खेलते देखने आया और मुझे प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला. मेरा सबसे बड़ा समर्थक और मेरा लकी चार्म – अजलान.'

मात्र 17 रन ही लुटाए

द हंड्रेड 2026 में एमआई लंदन ने द ओवल में खेले गए मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को 45 रन से हराकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान रहे, जिन्होंने 17 रन देकर पांच विकेट झटकते हुए इस सीजन का पहला फाइव विकेट हॉल अपने नाम किया.

Also Read: पिता का क्रिकेट प्रेम ही मेरी सबसे बड़ी ताकत... शेर-ए-पंजाब लीग के लॉन्च पर बोले शुभमन गिल

138 रन पर सिमट गई सुपर जायंट्स

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने तेज शुरुआत की. एडेन मार्करम ने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़ दिए. लेकिन इसके बाद राशिद खान ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने टिम सीफर्ट, जोस बटलर, हेनरिक क्लासेन, टॉम मूर्स और लियाम डॉसन को आउट कर सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. पूरी टीम 95 गेंदों में 138 रन पर सिमट गई

विल जैक्स ने जड़ा अर्धशतक

वहीं पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने 100 गेंदों में 6 विकेट पर 183 रन बनाए, जो इस सीजन में टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी रहा. कप्तान विल जैक्स ने 28 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा, जबकि निकोलस पूरन ने सिर्फ 25 गेंदों में फिफ्टी लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

Also Read: IND vs SL: WTC की राह पर भारत की कड़ी परीक्षा, आकिब और सारांश पर होगी सभी की नजरें

.



विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola