बीरभूम में कपड़ा कारोबारी समेत 3 पर अंधाधुंध फायरिंग, 1 की हालत नाजुक

Updated:
विज्ञापन

फोटो। | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बीरभूम जिले के नलहाटी थाना क्षेत्र में देर रात 3 लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गयी. 12 राउंड गोली चलने की चर्चा है. गोलीबारी में तीनों लोग घायल हो गये. इनमें से एक को 4 गोलियां लगी हैं. उसकी हालत गंभीर है.

विज्ञापन

बीरभूम जिले में बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. नलहाटी थाना क्षेत्र के उदयनगर गांव के स्कूल मोड़ के पास 2 बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने 3 लोगों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलायीं. हमले में कपड़ा कारोबारी शाह आलम शेख, जॉनी शेख और हबीबुल शेख घायल हो गये. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे 12 राउंड फायरिंग हुई.

विज्ञापन

गोली की आवाज सुन घर से बाहर निकले लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों घायल 2 बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे स्कूल मोड़ के पास पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे 4 हमलावरों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. लगातार गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. लोग अपने घरों से बाहर निकल आये. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गये.

जॉनी शेख को लगी हैं 4 गोलियां, हालत नाजुक

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. शाह आलम शेख और जॉनी शेख को इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हबीबुल शेख को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार, जॉनी शेख को चार गोलियां लगी हैं और उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है. वहीं शाह आलम शेख की हालत भी गंभीर बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: बंगाल : तारकेश्वर जा रहे कांवड़ यात्रियों पर हमले, लाभपुर में बवाल, थाने का घेराव

कपड़ा व्यापारी हैं शाह आलम शेख

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाह आलम शेख कपड़ा व्यवसाय से जुड़े हैं. इसके अलावा उनके पास लाइसेंस प्राप्त विस्फोटक कारोबार का भी व्यवसाय है.पुलिस अब उनके कारोबारी गतिविधियों, पुराने विवादों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.

इलाके की घेराबंदी कर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नलहाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.

गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि हमला आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या किसी अन्य कारण से किया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गयी है. हालांकि, 12 राउंड फायरिंग और हमले के कारणों सहित कई पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola