आईपीएल 2026 का प्लेऑफ कौन खेलेगा, क्या खत्म हो चुका है मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर का जादू?

आईपीएल 2026 का प्लेऑफ कौन खेलेगा
SRH vs MI : आईपीएल 2026 का प्लेऑफ कौन खेलेगा? क्या मुंबई, चेन्नई और केकेआर जैसी टीमों का जादू अब समाप्त हो गया है और अब नई टीमें अपना वर्चस्व स्थापित करेंगी? यह कुछ ऐसे सवाल हैं, जो क्रिकेट फैंस के सामने उपस्थित हैं और सभी इसका जवाब चाहते हैं. वानखेड़े के मैदान पर मुंबई को जिस तरह हैदराबाद की टीम ने रौंदा, वह यह बताने के लिए काफी है कि इस बार बादशाहत नए टीम के नाम होगी.
SRH vs MI : आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबले को लेकर अब स्थिति काफी कुछ स्पष्ट होती जा रही है. अब, जबकि लगभग सभी टीमों ने आठ या आठ से अधिक मैच खेल लिए हैं, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर जैसी टीमों के लिए प्लेऑफ में जगह बनाना बहुत मुश्किल लग रहा है.
मुंबई की उम्मीद को हैदराबाद ने धोया
वानखेड़े के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले का परिणाम मुंबई के लिए बहुत ही निराशाजनक रहा और इसने मुंबई के प्लेऑफ तक पहुंचने के उम्मीदों को एक तरह से धो दिया. मुंबई ने अपने होमग्राउंड पर 244 रन का टारगेट हैदराबाद की टीम को दिया था. यह कोई छोटा टारगेट नहीं था. 20 ओवर के मुकाबले में इसे कठिन टास्क ही माना जाना चाहिए, लेकिन आईपीएल के 19वें सीजन में जिस तरह का खेल विभिन टीमों के युवा दिखा रहे हैं, अब 250 तक का टारगेट भी आसान होता जा रहा है. सनराइजर्स की टीम ने 244 के टारगेट को 18.4 ओवर में पूरा कर लिया और मुंबई को छह विकेट से शिकस्त दी. यह हार मुंबई के लिए बहुत ही निराश करने वाली रही, क्योंकि 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस को शिकस्त देने के बाद टीम एक बार फिर से ऊर्जावान बनी थी, लेकिन उसके बाद लगातार तीन हार ने टीम का मनोबल पूरी तरह तोड़ दिया है.
मुंबई, चेन्नई और केकेआर के लिए प्लेऑफ की राह बहुत कठिन
सबसे अधिक बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली तीनों टीमें मुंबई, चेन्नई और केकआर इस बार प्लेऑफ की रेस से बाहर होती दिख रही हैं. प्वाइंट टेबल पर नजर डालें, तो इन तीनों ही टीमों ने अपने- अपने 8 मैच खेल लिए हैं. सीएसके ने 8 मैच खेले हैं और महज तीन में उसे जीत मिली है और कुल प्वाइंट 6 हैं. केकेआर ने 8 मैच खेलकर सिर्फ दो में जीत हासिल की है और एक मैच का परिणाम नहीं निकला था. उनके कुल प्वाइंट 5 हैं. मुंबई की स्थिति और भी खराब है. मुंबई ने 8 मैच खेलकर सिर्फ दो में जीत हासिल की है और उसके कुल प्वाइंट चार हैं.
प्लेऑफ तक पहुंचने का क्या है कैलकुलेशन?
प्लेऑफ से पहले सभी 10 टीमों को 14-14 मैच खेलने हैं. इस दृष्टिकोण से अब 6-6 मैच बचे हुए हैं. किसी भी टीम के लिए प्लेऑफ की दौड़ में शामिल होने के लिए 16 अंक सुरक्षित माने जाते हैं, यानी न्यूनतम आठ मैच जीतने होंगे. इस गणित के अनुसार चेन्नई, केकेआर और मुंबई की टीम को बाकी बचे सभी 6 मैच जीतने होंगे, तभी टीम प्लेऑफ की दौड़ में शामिल होगी, अन्यथा उनका पत्ता कट चुका है. अबतक जिस तरह का सीजन रहा है, इन टीमों के लिए अपने छह के छह मैच जीतना आसान नहीं है. अभी शीर्ष पर जो टीमें हैं, उनमें पंजाब किंग्स, आरसीबी, हैदराबाद और राजस्थान राॅयल्स है. इन टीमों में से शीर्ष पर पंजाब की टीम है, जिसने 8 में से 6 मैच जीते हैं, एक में उसे हार मिली है और एक का परिणाम नहीं निकला है. दूसरे स्थान पर आरसीबी है, जिसने 8 में से 6 मैच जीते हैं. तीसरे स्थान पर हैदराबाद की टीम है, जिसके खाते में 9 मैच में से 6 में जीत और 3 में हार है. राजस्थान की टीम चौथे स्थान पर है और उसने भी 9 मैच में से 6 में जीत और 3 में हार दर्ज की है. पांचवें स्थान पर गुजरात की टीम है, जिसने 8 में से 4 में जीत और 4 में हार दर्ज की है. बावजूद इसके अभी भी स्पष्टतौर पर यह बताना मुश्किल है कि कौन-कौन सी टीम प्लेऑफ तक पहुंचेगी. हां, दो-दो मैच और होने के बाद ही प्लेऑफ के बाजीगरों का फैसला संभव है, क्योंकि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है.
राजनाथ सिंह ने कहा- किसी भी ऑपरेशन के लिए पूरी तरह तैयार है इंडियन आर्मी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajneesh Anand
राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










