Delhi Blast Updates: एनआईए करेगी दिल्ली धमाके की जांच, गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हाई लेवल मीटिंग
Published by : Pritish Sahay Updated At : 11 Nov 2025 6:47 PM
Delhi Blast Updates
Delhi Blast: दिल्ली में सोमवार की शाम लाल किले के पास हुए कार धमाके की जांच का जिम्मा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपा गया है. वहीं, लाल किला के पास हुए विस्फोट को लेकर दिल्ली पुलिस ने यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अपनी प्राथमिकी में दिल्ली पुलिस ने इसे 'बम विस्फोट' करार दिया है. वहीं गृह मंत्रालय की ओर से सुरक्षा को लेकर हाई लेबल मीटिंग भी जारी है. बैठक में गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए हैं.
Delhi Blast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम लाल किले के पास हुए कार धमाके की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने धमाके की जांच का जिम्मा NIA को सौंपा है. जांच एजेंसियां घटनास्थल से धमाके के सुराग इकट्ठा कर रही हैं. एक-एक सुराग को जांच एजेंसियां बारीकी से खंगाल रही है. वहीं, गृह मंत्रालय की ओर से सुरक्षा को लेकर हाई लेबल मीटिंग भी जारी है. गृह मंत्रालय के दूसरे दौर की हाई लेवल मीटिंग शुरू हो गई है.
गृह मंत्रालय की हाईलेवल मीटिंग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा स्थिति पर समीक्षा बैठक की. पहली बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते शामिल हुए. जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े थे. बैठक के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने विस्फोट के बाद की स्थिति पर अपनी पूरी रिपोर्ट दी. दूसरे दौर की सुरक्षा समीक्षा बैठक कर्तव्य भवन स्थित गृह मंत्रालय के कार्यालय में जारी है. अमित शाह बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं.
दिल्ली पुलिस ने कई धाराओं के तहत दर्ज की प्राथमिकी
लाल किला के पास हुए विस्फोट को लेकर दिल्ली पुलिस ने यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अपनी प्राथमिकी में दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास हुए धमाके को ‘बम विस्फोट’ करार दिया है. धमाके में 12 लोगों की मौत हुई है. दिल्ली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है. कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर कड़ी निगरानी की जा रही है. दिल्ली पुलिस ने अपने एफआईआर में यूएपीए की धारा 16 और 18 लगाई है. यह आतंकवादी हमले के लिए सजा और साजिश से संबंधित है. इसके अतिरिक्त, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत धारा तीन जीवन को खतरे में डालने वाले विस्फोट के लिए और धारा चार विस्फोट करने के प्रयास के लिए भी आरोपों में जोड़ी गयी हैं. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं भी लगायी गयी हैं, जिसमें हत्या के लिए धारा 103(1), हत्या के प्रयास के लिए धारा 109(1) और वरिष्ठ अधिकारी पर हमले के लिए उकसाने के लिए धारा 161(2) शामिल हैं.
सोमवार शाह हुआ था विस्फोट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से गुजर रही एक कार में सोमवार शाम जबरदस्त विस्फोट हुआ. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक धमाके में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई वाहन जलकर खाक हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास हुए विस्फोट को लेकर दर्ज अपनी प्राथमिकी में कहा “यह एक बम विस्फोट है.’’ प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि विस्फोट में दिल्ली पुलिस चौकी की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है. (इनपुट भाषा)
Also Read: Red Fort Blast : रातभर एजेंसियों के संपर्क में रहा, दिल्ली धमाके पर आया पीएम मोदी का पहला रिएक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










