''आप'' समर्थक ने ही जड़ा सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़, जानें किस बात से था नाराज

Published at :05 May 2019 10:14 AM (IST)
विज्ञापन
''आप'' समर्थक ने ही जड़ा सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़, जानें किस बात से था नाराज

नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रोड शो के दौरान सरेआम थप्पड़ मारने वाले शख्स को लेकर कई खुलासे होते जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस की मानें तो थप्पड़ मारने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी ( आप) का ही समर्थक है. इधर, आप ने पार्टी संयोजक एवं दिल्ली […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रोड शो के दौरान सरेआम थप्पड़ मारने वाले शख्स को लेकर कई खुलासे होते जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस की मानें तो थप्पड़ मारने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी ( आप) का ही समर्थक है.

इधर, आप ने पार्टी संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के दौरान एक युवक द्वारा चांटा मारे जाने की घटना की निंदा की और उन पर बार बार होने वाले हमलों के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि इस ‘‘कायराना हरकत’ के पीछे भाजपा का हाथ है.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि थप्पड़ मारने का आरोपी सुरेश (33) नाम का यह युवक कबाड़ी का काम करता है और वह आप पार्टी का समर्थक है तथा इसकी रैलियों और बैठकों में बतौर आयोजक काम करता है.

पुलिस ने बताया कि मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है क्योंकि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है.

आपको बता दें कि घटना के समय केजरीवाल नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से आप के उम्मीदवार बृजेश गोयल के प्रचार अभियान के दौरान मोती नगर इलाके में आयोजित रोड शो हिस्सा ले रहे थे. तभी लाल रंग की टीशर्ट पहने एक युवक ने केजरीवाल की जीप पर चढ़ कर उन्हें चांटा मार दिया.

दिल्ली पुलिस के एपीआरओ अनिल मित्तल ने बताया कि डीसीपी स्तर की जांच के आदेश दे दिये गये है. पुलिस ने बताया कि हमलावर सुरेश के अनुसार वह पार्टी के नेताओं के व्यवहार से परेशान था और वह इस बात से नाराज था कि पार्टी ने ‘सशस्त्र सेनाओं पर अविश्वास’ जताया है.

क्या बोले आप नेता संजय सिंह
आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को केजरीवाल पर हुये हमले के बाद कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली के मुख्यमंत्री की सुरक्षा मोदी सरकार के अधीन है लेकिन केजरीवाल का जीवन सबसे असुरक्षित है.’ उन्होंने कहा, ‘‘बार-बार हमला और फिर पुलिस का रोना, क्या साज़िश है इसके पीछे? हिम्मत है तो सामने आकर वार करो दूसरों को हथियार बनाकर नहीं.’ सिंह ने केजरीवाल पर हुए हमले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए कहा, ‘‘केजरीवाल की सुरक्षा में बार बार चूक। क्या मोदी सरकार केजरीवाल पर किसी बड़े हमले का इंतज़ार कर रही है? या फिर कोई बड़ी साज़िश है?’

क्या कहा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ‘‘क्या मोदी और अमित शाह अब केजरीवाल की हत्या करवाना चाहते हैं? पांच साल सारी ताक़त लगाकर जिसका मनोबल नहीं तोड़ सके, चुनाव में नहीं हरा सके, अब उसे रास्ते से इस तरह हटाना चाहते हो, कायरो! ये केजरीवाल ही तुम्हारा काल है.’

भाजपा नेता मनोज तिवारी ने की निंदा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. तिवारी ने यह वारदात के आप प्रायोजित होने की आशंका जताते हुये कहा कि चुनाव के समय ही केजरीवाल पर हमले क्यों होते हैं.

कई नेताओं ने की घटना की निंदा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर हमले की निंदा की और कहा कि विपक्षी नेताओं पर हमला संकेत देता है कि भाजपा लोकसभा चुनाव हार रही है और हताश हो गयी है. उनके अलावा आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और पूर्व मंत्री शरद यादव, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना की निंदा की है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola