दिल्ली विस में जो हुआ वह दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान : शाह

Updated at : 23 Dec 2018 7:31 PM (IST)
विज्ञापन
दिल्ली विस में जो हुआ वह दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान : शाह

नयी दिल्ली : कांग्रेस और आप पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा में एक प्रस्ताव को पारित करने को लेकर जो हुआ वो 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है. शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर अवैध […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : कांग्रेस और आप पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा में एक प्रस्ताव को पारित करने को लेकर जो हुआ वो 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है. शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर अवैध प्रवासियों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया.

गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा ने 1984 में सिखों के खिलाफ हुए दंगों पर एक प्रस्ताव पारित किया है जिसमें यह मांग की गयी है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दिया गया ‘भारत रत्न’ का सम्मान वापस लिया जाये, लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस नेता के संदर्भ से खुद को तेजी से अलग कर लिया. बाद में, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि पूर्व प्रधानमंत्री के संबंध में पक्तियां सदन के समक्ष रखे गये मूल प्रस्ताव का हिस्सा नहीं थी. उन्होंने कहा कि यह एक सदस्य द्वारा हस्तलिखित संशोधन था जो इस तरह से पारित नहीं हो सकता है. शाह ने विवरण में गये बिना कहा, विधानसभा और बाद में जो हुआ वो सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के घावों पर नमक छिड़कने के समान है.

उन्होंने भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कहा, इसने आम आदमी पार्टी के दोहरे चरित्र को उजागर कर दिया है. भाजपा प्रमुख ने कांग्रेस के संदर्भ में आरोप लगाया कि दंगा पीड़ितों को कई साल तक न्याय नहीं दिया गया क्योंकि दंगों के अपराधी (आरोपियों) के संरक्षक थे. शाह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने चार साल में विशेष जांच टीम गठित करके पीड़ितों के लिए न सिर्फ ‘न्याय आश्वस्त’ किया, बल्कि प्रभावित परिवारों को मुआवजा भी दिया. उन्होंने राफेल सौदे को लेकर गांधी पर भी निशाना साधा. शाह ने कहा, राफेल सौदे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बावजूद, वह (गांधी) अब भी झूठ बोल रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं.

अवैध प्रवासियों पर शाह ने दोहराया कि भाजपा सरकार घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से निकाल देगी. उन्होंने मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को लेकर सवाल किया. भाजपा नेता ने कहा, एनआरसी की कवायद असम में शुरू हुई और जैसे ही यह हुई वैसे ही राहुल बाबा एवं कंपनी ने रोना-धोना शुरू कर दिया. मैं राहुल से पूछना चाहता हूं कि आतंकी विस्फोटों में मरने वाले देशवासियों की उन्हें कोई चिंता है? उन्होंने पूछा, आप उन्हें लेकर क्यों चिंतित हैं. क्या वे आपके मौसेरे भाई हैं? अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में लौटने का विश्वास जताते हुए भाजपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी की जीत का मतलब जातिवाद और भाई-भतीजावाद पर राष्ट्रवाद की विजय होगी. उन्होंने कहा कि भाजपा 2019 में 2014 से ज्यादा जनादेश लेकर सत्ता में लौटेगी.

आप को निशाने पर लेते हुए शाह ने कहा कि खुद को आम आदमी बताने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सुरक्षा कर्मियों के साथ चलते हैं. उन्होंने कहा, अस्पताल, स्कूल, सीसीटीवी कैमरे और बसों में महिला सुरक्षा के लिए मार्शल कहां हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में अपने वायदे पूरे करने में नाकाम रही है. शाह ने दावा किया कि मोदी सरकार ने दिल्ली के लिए अपने वायदे पूरे किये हैं और भाजपा 2019 में अपने काम का ब्योरा मतदाताओं को देगी. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केजरीवाल सरकार ने मोदी की लोकप्रियता बढ़ने के डर से दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं करने दिया. शाह ने कांग्रेस पर नेशनल हेराल्ड इमारत का निजी संपत्ति के तौर पर इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये का गोलमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने इल्जाम लगाया कि पार्टी ने आयकर बचाने के लिए 600 करोड़ रुपये छुपाये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola