ePaper

रमन सरकार का फैसला, वाजपेयी के नाम पर होगा नया रायपुर का नाम ''अटल नगर''

Updated at : 21 Aug 2018 6:25 PM (IST)
विज्ञापन
रमन सरकार का फैसला, वाजपेयी के नाम पर होगा नया रायपुर का नाम ''अटल नगर''

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में नया रायपुर शहर का नाम ‘अटल नगर’ करने का फैसला किया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बताया कि राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक योगदान को देखते […]

विज्ञापन

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में नया रायपुर शहर का नाम ‘अटल नगर’ करने का फैसला किया है.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बताया कि राज्य निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए नया रायपुर का नामकरण ‘अटल नगर’ किया जाएगा. वहां वाजपेयी की मूर्ति स्थापित की जाएगी और वहां सेंट्रल पार्क का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा.

बैठक में नया रायपुर में ही अटल स्मारक बनाने सहित राज्य में उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाये रखने के लिए और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये. सिंह ने बताया कि नया रायपुर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी तथा राज्य के सभी 27 जिला मुख्यालयों में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगायी जाएगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में बिलासपुर विश्वविद्यालय और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज का नामकरण अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने, राष्ट्रीय स्तर के कवियों के लिए वाजपेयी के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार की स्थापना और प्रदेश सरकार के द्वितीय चरण की विकास यात्रा को अटल विकास यात्रा के नाम से आयोजित करने का भी निर्णय हुआ है.

सिंह ने बताया कि कैबिनेट के निर्णय के अनुसार मड़वा ताप बिजली संयंत्र और राजधानी रायपुर में पूर्ववर्ती नेरोगेज पर बन रहे एक्सप्रेसवे कलेक्टोरेट के बगीचे का नामकरण भी स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया जाएगा. रमन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर एक नवम्बर को त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के लिए अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन पुरस्कार की शुरुआत की जाएगी.

इसके अंतर्गत प्रत्येक जनपद पंचायत से एक ग्राम पंचायत को और प्रत्येक राजस्व संभाग से एक जनपद पंचायत, एक नगर पंचायत और एक नगर पालिका तथा प्रदेश स्तर पर एक जिला पंचायत और एक नगर निगम को यह पुरस्कार दिया जाएगा. छत्तीसगढ़ बोर्ड की पाठ्य पुस्तकों में अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी शामिल की जाएगी ताकि नयी पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके. वाजपेयी ने पोखरण में ऐतिहासिक परमाणु परीक्षण करवाया था.

उनके इस योगदान को यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक बटालियन का नामकरण पोखरण बटालियन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में त्रिस्तरीय पंचायतों, नगरीय निकायों और निगमों तथा मंडलों को भी यह शोक प्रस्ताव पारित करने के लिए भेजे जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola