ePaper

मोदी को निशाना बनाये जाने का एकजुट होकर उचित जवाब देगा राजग

Updated at : 15 Dec 2017 9:05 PM (IST)
विज्ञापन
मोदी को निशाना बनाये जाने का एकजुट होकर उचित जवाब देगा राजग

नयी दिल्ली : मनमोहन सिंह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में भाजपा नीत राजग ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री पर विपक्ष के हमले का मुकाबला करने का संकल्प जताया. राजग ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि वह नरेंद्र मोदी को निशाना बनाये […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : मनमोहन सिंह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में भाजपा नीत राजग ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री पर विपक्ष के हमले का मुकाबला करने का संकल्प जताया. राजग ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि वह नरेंद्र मोदी को निशाना बनाये जाने का उचित जवाब देगा, साथ ही संसद में सरकार के कामकाज को आगे बढ़ाने का पूरा प्रयास करेगा. राजग की यहां हुई बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि सरकार को बिना सूचित किये पाकिस्तान के अधिकारियों के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत अपने नेताओं की बैठक को लेकर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए.

बैठक में राजग गठबंधन के कुछ सदस्यों ने न्यायपालिका की भूमिका बढ़ने के विषय को उठाया और राम मंदिर के मुद्दे का निपटारा करने की पहल पर जोर दिया. सूत्रों ने बताया कि बैठक में कुछ सदस्यों ने न्यायपालिका और कार्यपालिका के अधिकार स्पष्ट होने के बाद भी न्यापालिका की भूमिका कथित तौर पर बढ़ने का जिक्र किया और इस संदर्भ में हाल में एनजीटी के अमरनाथ को साइलेंस जोन बताने संबंधी निर्देश का उल्लेख किया. इस दौरान कुछ सदस्यों ने अखिल भारतीय न्यायिक सेवा के गठन पर जोर दिया.

सूत्रों ने बताया कि शिवसेना ने राम मंदिर के मुद्दे का हल निकालने की दिशा में पहल करने का विषय उठाया. महाराष्ट्र और केंद्र सरकार में भाजपा की सहयोगी पार्टी ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार का सहयोग देने की बात कही. राज्यसभा में मनमोहन सिंह को लेकर प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर विपक्ष के विरोध के बीच भाजपा ने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि पहले कांग्रेस के तब के उपाध्यक्ष (राहुल गांधी) ने चीन के राजदूत से मुलाकात की और उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के कुछ नेता पाकिस्तान के अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं. इस प्रकार से गुपचुप बैठक का क्या औचित्य था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले संसद भवन परिसर में कहा कि देश को आगे बढ़ाने की दिशा में सत्र का उपयोग सकारात्मक रूप से हो. मैं भी आशा करता हूं, कि सदन का सत्र सकारात्मक रूप से चलेगा, देश लाभान्वित होगा, लोकतंत्र मजबूत होगा, सामान्य मानव की आशा, आकांक्षाओं को परिपूर्ण करने में एक नया विश्वास पैदा होगा. इसके बाद भी, राज्यसभा में पहले ही दिन गुजरात चुनाव के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ की गयी टिप्पणी सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण बैठक को तीन बार के स्थगन के बाद अपराह्न करीब तीन बजे पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया.

विपक्षी सदस्य पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग कर रहे थे. बहरहाल, सूत्रों ने बताया कि राजग की बैठक में राजग के सभी दल एकजुट थे और सभी ने संसद में कामकाज को आगे बढ़ाने की बात कही. प्रधानमंत्री ने सभी दलों से संसद के दोनों सदनों में सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में मौजूद एक नेता ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री ने संसद में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करने संबंधी विधेयक, तीन तलाक से जुड़ा विधेयक एवं कई अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को आगे बढाने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया और आइएमएफ और विभिन्न रेटिंग एजेंसियों की ओर से देश की अर्थव्यवस्था की अच्छी तस्वीर पेश करने का जिक्र किया. बैठक में जीएसटी एवं अन्य सुधार पहल का सकारात्मक उल्लेख किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola