सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घंटे तक किया रोड जाम
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 01 Sep 2025 10:23 PM
थाना क्षेत्र के सिकंदरा-जमुई मुख्य मार्ग पर सोमवार को जखराज स्थान के पास सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी.
सिकंदरा . थाना क्षेत्र के सिकंदरा-जमुई मुख्य मार्ग पर सोमवार को जखराज स्थान के पास सड़क हादसे में युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान लछुआड़ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के भवानी पासवान के 38 वर्षीय पुत्र चंद्रदेव पासवान के रूप में की गयी है. बताया जाता है चंद्रदेव वीरायतन विद्यालय लछुआड़ की बस चलाता था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरा-जमुई मुख्य मार्ग पर प्लाइ लदे पिकअप चंद्रदेव पासवान (38 वर्ष) की बाइक से टकरा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ने लगभग 50 से 60 मीटर तक बाइक को घसीटा और उसका अगला चक्का बाइक के ऊपर चढ़ गया. दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया. घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जखराज स्थान के समीप सड़क को लगभग तीन घंटे तक जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि जखराज मोड़ पर सड़क किनारे अक्सर ट्रक खड़ा रहता है. इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. उन्होंने यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की. सूचना मिलने पर सिकंदरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार राय और लछुआड़ थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार पाठक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम को समाप्त कराया गया. ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रदेव के परिवार में पत्नी अंजु देवी, तीन पुत्र व एक पुत्री हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










