कृषि महाविद्यालय ने मालोभिठा गांव में लगाया मखाना चौपाल, सबौर मखाना अपनाने पर दिया बल

सबौर मखाना अपनाने पर दिया बल
पूर्णिया. भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय, पूर्णिया की मखाना विशेषज्ञ टीम ने प्राचार्य डॉ डी. के. महतो के नेतृत्व में डगरुआ प्रखंड अन्तर्गत मालोभिठा गांव में मखाना चौपाल लगायी. इस अवसर पर प्राचार्य डॉ महतो ने कहा कि मखाना चौपाल का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिथिला मखाना के अधिकृत उपयोगकर्ता बनने के लाभों से अवगत कराना है. मखाना अधिकृत उपयोगकर्ता के रूप में पंजीकरण कराने से किसानों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और उत्पाद का उचित मूल्य मिलने में सहायता मिलेगी. मखाना कृषकों को कम समय और कम लागत में अधिक उपज दिलाने के उद्धेष्य से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति डॉ डीआर सिंह एवं निदेशक अनुसंधान डॉ एके सिंह के कुशल मार्गदर्शन में मखाना की उन्नत प्रभेद सबौर मखाना-1 की जानकारी को अधिक से अधिक किसानोें के बीच पहुंचाने पर जोर दिया गया. पूरे मिथिलांचल तथा सीमांचल में मखाना चौपाल का आयोजन कर कृषकों को मखाना उत्पादन में तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने का दायित्व दिया गया है. कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. बाल कृष्णा ने कहा कि पारंपरिक विधि की तुलना में वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बढ़ाए जा सकते हैं. साथ ही उन्होंने पौधरोपण, जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, बीज चयन और कटाई-प्रसंस्करण की आधुनिक विधि के बारे में विस्तार से बताया. वहीं डॉ. प्रीति सुन्दरम एवं डॉ अनुपम कुमारी ने कहा कि मिथिला मखाना को जीआई टैग प्राप्त है. फलस्वरूप किसानों को उच्च उत्पादक किस्म सबौर मखाना-1 को अपनाने की सलाह दी. साथ ही साथ इस प्रभेद के उत्पादन पैकेज के बारे में विस्तृत जानकारी दी. इस अवसर पर मखाना कृषक सोनू कुमार, महतो, राजा प्रधान, नसीम आलम, अषोक चौधरी, मोहम्मद जहांगीर आलम, नसीम आलम, शेख जकीर उद्धीन, दीपक कुमार महतो, मोहम्मद एजाज आलम, दिनेश दास, मंटू साह, संग्राम हेम्ब्रम, मोहम्मद अब्दुल वाहिद, मोहम्मद हसनैन सहित लगभग पचास से अधिक किसानों ने मखाना चौपाल में भाग लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




