त्योहारों के समय सीटीबी से यात्रियों की होगी एंट्री, होल्डिंग एरिया तैयार करने पर फोकस
Published by : LALITANSOO Updated At : 01 Sep 2025 8:02 PM
Focus on preparing holding area
समस्तीपुर मंडल में शामिल होने के बाद पहुंचे अधिकारियों ने बैठक के साथ कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग का किया निरीक्षण
वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर
त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने कमर कस ली है. समस्तीपुर मंडल में शामिल होने के बाद, अधिकारियों की पहली प्राथमिकता कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग (सीटीबी) को जल्द से जल्द तैयार करना है. नये सीटीबी एरिया में यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया और पार्किंग बनाने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि आने वाली भीड़ को आसानी से संभाला जा सके. सोमवार को समस्तीपुर से एक टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन का दौरा किया, जिसमें एसीएम और अन्य अधिकारी शामिल थे. वीआइपी रूम में रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ हुई बैठक में सीटीबी के निर्माण और यात्रियों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. टीम ने होल्डिंग एरिया और पार्किंग का निरीक्षण भी किया. इस दौरान स्टेशन डायरेक्टर रवि शंकर महतो, स्टेशन अधीक्षक अखिलेश कुमार, सीसीआइ नीरज पांडेय और आरएलडीए से मनोज कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे. रेलवे का यह कदम त्योहारों के दौरान यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा.
— मेन गेट होंगे बंद, मालगोदाम चौक से होगी एंट्री
यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य को देखते हुए इस महीने के अंत तक स्टेशन रोड की तरफ के सभी मेन गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद सभी यात्रियों की एंट्री मालगोदाम चौक की ओर से होगी, और गाड़ियों की पार्किंग भी वहीं होगी. अभी मेन सर्कुलेटिंग एरिया में गार्डर चढ़ाने और पुराने भवनों को तोड़ने का काम चल रहा है, जिससे भीड़ को संभालना एक चुनौती होगी.— 20 सितंबर तैयारी पूरी करने का टारगेट
निर्माण एजेंसी ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया है कि 20 सितंबर तक होल्डिंग एरिया और पार्किंग का काम लगभग पूरा कर लिया जाएगा. इसका सीधा फायदा त्योहारों के दौरान यात्रियों को मिलेगा. इसके साथ ही सीटीबी से स्काइ वाक का फ्रेम चढ़ाने का कम चल रहा है. जिसे जंक्शन पर नये एफओबी से जोड़ा जाएगा, जिससे लोग सीटीबी बिल्डिंग से स्काइ वाक के जरिए जंक्शन पर किसी भी प्लेटफॉर्म पर जा सकते है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










