डीएमसीएच में आये 150 से अधिक केस

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 27 Mar 2024 11:47 PM

विज्ञापन

होली को लेकर डीएमसीएच के आपातकालीन विभाग में मरीजों की भीड़ रही

विज्ञापन

विगत तीन दिनों में आपातकालीन विभाग में रही अफरा तफरी की स्थिति

बेड के अभाव में फर्श पर लिटाकर किया गया मरीजों का इलाज

भीड़ के कारण कई परिजन निजी अस्पताल ले गये मरीज

व्यवस्था में कमी की बताते हुये चिकित्सकों ने भी कई मरीजों को कर दिया बाहर रेफर

फोटो. 19

परिचय. आपातकालीन विभाग में उमड़ी भीड़

प्रतिनिधि, दरभंगा.

होली को लेकर डीएमसीएच के आपातकालीन विभाग में मरीजों की भीड़ रही. विगत तीन दिनों में विभाग में अफरा- तफरी की स्थिति देखी गयी. 25 व 26 मार्च को संख्या काफी बढ़ जाने से बेड के अभाव में फर्श पर लिटाकर कई मरीजों को इलाज किया गया. जबकि भीड़ के मद्देनजर कई परिजन अपने मरीजों को निजी अस्पताल लेकर चले गये. वहीं व्यवस्था में कमी की बात कहते हुए चिकित्सकों ने कई मरीजों को बाहर रेफर कर दिया. विभागीय कर्मियों के अनुसार 25 व 26 मार्च को तीनों शिफ्ट में 150 से अधिक मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया गया. करीब तीन दर्जन से अधिक मरीजों को उनके परिजन निजी हॉस्पिटल लेकर चले गये. अधिकांश केस मारपीट व एक्सीडेंट का था. कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया. करीब एक दर्जन मरीजों को लंबे इलाज के लिए सर्जरी, ऑर्थो व मेडिसिन विभाग में भर्ती किया गया. विदित हो कि आपातकालीन विभाग में करीब डेढ़ दर्जन बेड है, जो इन परिस्थितियों में नाकाफी साबित होते रहे हैं.

जूनियर चिकित्सकों ने संभाले रखी कमान

अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था जूनियर चिकित्सकों ने संभाले रखी. वरीय चिकित्सक पूर्व की तरह ही गायब रहे. कर्मियों का कहना रहा कि तीन दिनों से शिफ्ट के अनुसार जूनियर चिकित्सक ही चिकित्सा कर रहे हैं. अधिकांश सीनियर डॉक्टर नदारद रहे. चिकित्सा के क्रम में परेशानी होने पर ही वरीय चिकित्सकों से जूनियर डॉक्टरों ने फोन पर परामर्श लिया. वरीय चिकित्सकों के विभाग नहीं पहुंचने से मरीज व परिजनों को परेशानी झेलनी पड़ी.

उपाधीक्षक ने विभाग का किया निरीक्षण

होली के दिन करीब एक घंटा तक उपाधीक्षक डॉ हरेंद्र कुमार आपातकालीन विभाग में रहे. इस दौरान पीओडी व एसओडी डयूटी पर उपस्थित मिले. अन्य कर्मी भी सामान्य रूप से चिकित्सा प्रक्रिया में शामिल थे. उपाधीक्षक ने बेहतर चिकित्सा के मद्देनजर चिकित्सक एवं कर्मियों को निर्देश दिये.

पहले की अपेक्षा कम रही मरीजों की संख्या

आपातकालीन विभाग के कर्मियों की मानें तो पहले की अपेक्षा स्थिति में सुधार हुआ है. पिछले साल होली के मौके पर आधे दर्जन से अधिक लोगों की मौत मारपीट व दुर्घटना के कारण हुई थी. आपातकालीन विभाग में 300 से अधिक केस आये थे.

होली के दिन मरीजों की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आपातकालीन विभाग को तैयार किया गया था. वहां डॉक्टर व कर्मी उपस्थित थे. बेड के अभाव में मरीजों को नीचे लिटा कर इलाज करना पड़ा. इस दौरान किसी को किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई.

डॉ हरेंद्र कुमार उपाधीक्षक

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola