हादसा : कार के धक्के से बाइक सवार युवक का पैर टूटा, भर्ती
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 05 Jun 2026 7:23 PM
पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के हरियारी के पास शुक्रवार सुबह घटना.
प्रतिनिधि, पोड़ैयाहाट पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के हरियारी के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. कार की टक्कर से युवक का पैर टूट गया. इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है. घटना सुबह करीब 11 बजे एनएच-133 पर हुई. जानकारी के अनुसार हरियारी निवासी 22 वर्षीय चंदन सोरेन, पिता उपेंद्र सोरेन गोड्डा जा रहा था. इसी दौरान हरियारी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की. फिलहाल युवक की स्थिति स्थिर बतायी जा रही है. वहीं, हादसे के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे वाहन को पुलिस ने मौके से ही कब्जे में ले लिया. वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है. घायल के बयान मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. इधर, स्थानीय लोगों ने एनएच-133 पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर आये दिन दुर्घटना होती रहती है. उन्होंने प्रशासन से हादसा संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










